फरीदकोट मे विदेशी पिस्टलों समेत दो बदमाश गिरफ्तार:लिंक रोड पर संदिग्ध अवस्था में खड़े थे, आर्म्स एक्ट के तहत केस
- Neha Gupta
- Jun 17, 2026
फरीदकोट जिला पुलिस के सीआईए स्टाफ ने दो विदेशी पिस्टल और 4 जिंदा कारतूसों सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान फरीदकोट के गांव पंजगराई कलां निवासी उपजिंदर सिंह उर्फ गगना तथा बरनाला के गांव कर्मगढ़ निवासी तलविंदर सिंह उर्फ हैप्पी के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना सदर कोटकपूरा में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, एसएसपी फरीदकोट गुरबंस सिंह बैंस के दिशा-निर्देशों पर असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सीआईए स्टाफ के एएसआई गुरबचन सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी गश्त और चेकिंग कर रही थी। पुलिस टीम गांव पंजगराईं कलां से गांव ढिलवां कलां जाने वाले लिंक रोड पर स्थित रजवाहे के पुल के पास पहुंची तो दो युवक संदिग्ध अवस्था में खड़े दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उपजिंदर सिंह उर्फ गगन के कब्जे से एक विदेशी बेरेटा पिस्टल, मैगजीन सहित दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। वहीं तलविंदर सिंह उर्फ हैप्पी के पास से एक विदेशी ग्लॉक पिस्टल, मैगजीन सहित दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोर्ट से रिमांड लेकर पूछताछ की जाएगी-जांच अधिकारी इस मामले के जांच अधिकारी एएसआई गुरबचन सिंह ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। पूछताछ के दौरान बरामद हथियारों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाले जाएंगे तथा यह पता लगाया जाएगा कि ये हथियार कहां से लाए गए और किन लोगों तक पहुंचाए जाने थे। इसके अलावा आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

