जैतो में बाइक घर के गेट के पिलर से टकराई:हादसे में 25 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल, मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर

फरीदकोट जिले के जैतो शहर में चैना रोड स्थित डेरा जलाल के नजदीक एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल के अनियंत्रित होकर घर के गेट के पिलर से टकराने के कारण एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान मनप्रीत सिंह (25) पुत्र जस्सा सिंह निवासी गांव रामेआणा के रूप में हुई है। उसे पहले सिविल अस्पताल जैतो में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल फरीदकोट रेफर कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मनप्रीत सिंह अपने मोटरसाइकिल पर सवार होकर जैतो की ओर जा रहा था। जब वह चैना रोड पर डेरा जलाल के पास पहुंचा तो तेज गति होने के कारण उसका मोटरसाइकिल से संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक घर के गेट के पिलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और सड़क पर गिर पड़ा। घटना ने सूचना लोगों ने सेवा सोसायटी को दी घटना की सूचना राहगीरों द्वारा चढ़दी कला वेलफेयर सेवा सोसायटी को दी गई। सूचना मिलते ही सोसायटी के सदस्य मीत सिंह मीता, रोहित शर्मा और बब्बू मालड़ा एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे। टीम ने तुरंत घायल युवक को प्राथमिक सहायता प्रदान करते हुए सिविल अस्पताल जैतो पहुंचाया। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने युवक की हालत गंभीर पाई और प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल फरीदकोट रेफर कर दिया। इस संबंध में चढ़दी कला वेलफेयर सेवा सोसायटी के सदस्य मीत सिंह मीता ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर हादसा मोटरसाइकिल की तेज रफ्तार के कारण हुआ प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि अधिक गति होने के कारण चालक मोटरसाइकिल पर नियंत्रण नहीं रख पाया। जिससे वाहन अनियंत्रित होकर घर के गेट के पिलर से जा टकराया। उन्होंने वाहन चालकों से सड़क पर सावधानी बरतने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील भी की है।

   

सम्बंधित खबर