फरीदकोट में कानूनगो पर 40 हजार रिश्वत मांगने का आरोप:विजिलेंस ने केस दर्ज किया है, जमीन का कब्जा दिलाने के एवज में मांगे थे
- DSS Admin
- May 13, 2026
पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने फरीदकोट के गांव गोलेवाला स्थित माल कार्यालय में तैनात कानूनगो वरिंदर सिंह भुट्टर के खिलाफ 40 हजार रुपए रिश्वत लेने के आरोप में मामला दर्ज किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि यह मामला मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन पोर्टल पर जिला फरीदकोट के गांव भागथला निवासी एक व्यक्ति द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर सामने आया। शिकायतकर्ता के अनुसार अदालत ने माल विभाग फरीदकोट को उसे जमीन का कब्जा दिलाने के आदेश जारी किए थे। आरोप है कि जमीन का कब्जा दिलाने के बदले आरोपी कानूनगो ने उससे 80 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता ने रिश्वत दिए जाने की बनाई वीडियो-विजिलेंस ब्यूरो प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता ने रिश्वत की पहली किस्त के तौर पर आरोपी को 40 हजार रुपए दिए। इस दौरान उसने रिश्वत दिए जाने की वीडियो भी रिकॉर्ड कर ली, जिसे सबूत के रूप में विजिलेंस को सौंपा गया। इस मामले में आरोपी कानूनगो के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो के थाना फिरोजपुर में भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल विजिलेंस ब्यूरो द्वारा मामले की आगे जांच की जा रही है।

