फाजिल्का में नशे के साथ उस्ताद और चेला गिरफ्तार:50 ग्राम हेरोइन बरामद, पुलिस भर्ती के लिए युवकों का ट्रेनिंग देता था एक आरोपी

नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत फाजिल्का की सदर थाना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से 50 ग्राम 44 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ है कि पकड़ा गया एक आरोपी पुलिस भर्ती के लिए युवकों को ट्रेनिंग देता था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। रामपुरा बस अड्डे के पास बिछाया गया था जाल मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए फाजिल्का सदर थाना के एसएचओ (SHO) हरदेव सिंह बेदी ने बताया कि पुलिस पार्टी इलाके में गश्त पर थी। जब पुलिस टीम रामपुरा बस अड्डे के पास पहुंची, तो एक 'मुखबिर खास' (गुप्तचर) ने पक्की सूचना दी कि दो युवक बाइक पर हेरोइन लेकर गुजरने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत रामपुरा के नजदीक नाकाबंदी (बैरिकेडिंग) कर दी। इसी दौरान बाइक पर आ रहे दो संदिग्ध युवकों को रोककर जब उनकी तलाशी ली गई, तो उनके पास से 50 ग्राम 44 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत नशीला पदार्थ जब्त कर दोनों को हिरासत में ले लिया। आरोपियों की पहचान कुलविंदर सिंह पुत्र फलक सिंह, निवासी शेर मोहम्मद और सुनाम सिंह पुत्र मनजीत सिंह, निवासी बस्ती केसर सिंह के रूप में हुई है। सदर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है। ट्रेनिंग देने का करता था काम एसएचओ हरदेव सिंह बेदी ने एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी कुलविंदर सिंह पंजाब पुलिस में जवानों को ट्रेनिंग देने (उस्ताद के रूप में) का काम करता है। वहीं, दूसरा आरोपी सुनाम सिंह उसका चेला है। पुलिस महकमे से जुड़े व्यक्ति का नशा तस्करी में नाम आने से विभाग में भी हड़कंप मच गया है।

   

सम्बंधित खबर