जालंधर| सिटी से कैंट व गढ़ा जाने वाले तमाम लोग यहां से गुजरते हैं। सिटी में पावरकॉम के जोनल दफ्तर शक्ति सदन से लेकर बारादरी थाना और फिर कैंट व डिफेंस कॉलोनी की तरफ रेलवे पुल के नीचे ट्रैफिक जाम हो रहा है। यहां पर एक साथ कई समस्याएं हैं। एक तो पावरकॉम के कॉम्प्लेक्स के सामने सड़क टूटी है। दूसरी तरफ फुटपाथों पर वाहनों का कब्जा होने से पैदल चलने वाले असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। फुटपाथ पर कब्जे कालेज से लेकर रैनबसेरा तक फुटपाथों पर हुए हैं। नगर निगम सड़क बनवाए और फुटपाथों को कब्जा मुक्त करे। -अनुराग दत्ता, कैंट जालंधर | चौगिट्टी से सूर्या एनक्लेव जाने वाले वाहन चालकों के लिए रिजार्ट के पास बड़ी मुसीबत आ गई है। यहां पर सर्विस लेन एक जगह पर टूटी हुई थी। कई सप्ताह से लोगों को झटके लग रहे थे। इस बीच खड्डे के ऊपर ईंटों का मलबा डाल दिया गया। ये मलबा इतनी बड़ी मात्रा में डाला गया है कि सड़क के बीच ढेर लग गया है। यहां लाइटें भी खराब हैं। रोजाना बड़ी गिनती में लोग यहां से गुजरते हैं। प्रशासन मलबा उठाकर रोड रिपेयर करवाए। -रौशन लाल शर्मा, सूर्या एनक्लेव जालंधर | अर्बन एस्टेट में सी-7 फाटक के पास रिहाइशी ब्लाक के अंदर बने पार्क में झाड़ियां उगी हैं। महीनों से सफाई नहीं हुई। ये पार्क मेनरोड पर है। गर्मी के सीजन में राहत के लिए राहगीर यहां बैठ भी नहीं सकते हैं। इसी पार्क के अंदर और आसपास सारा दिन आवारा कुत्तों का झुंड सक्रिय रहता है। इस तरह दोहरी समस्या जनता भुगत रही है। नगर निगम इस समस्या का हल करे। -परवीन कुमार, सुभाना रोड

