जालंधर में प्रेमी की खंभे से बांधकर पिटाई:पुलिस थाने में हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा, फिर आपसी सहमति से दोनों परिवारों ने करवाई शादी

जालंधर स्थित बस्ती नौ में एक हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जहां प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक की बेरहमी से पिटाई की गई। तीन दिन से लापता लड़की के परिजनों ने लड़के को प्यार से बुलाकर खंभे से बांध दिया और उसके साथ मारपीट की। हालांकि, पुलिस के दखल और शिवसेना समाजवादी के पंजाब अध्यक्ष नरेंद्र थापर की मध्यस्थता के बाद, मामले ने एक सुखद मोड़ लिया। थाना डिवीजन नंबर 5 के बाहर दोनों परिवारों की आपसी सहमति से प्रेमी जोड़े का विवाह संपन्न करवा दिया गया। जानकारी के अनुसार, युवती पिछले तीन दिनों से अपने घर से कहीं गई हुई थी। लड़की के परिवार वालों को शक था कि वह युवक के साथ है। उन्होंने योजना बनाकर युवक को प्यार से बस्ती नौ में बुलाया। जैसे ही युवक वहां पहुंचा, परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और एक खंभे से बांधकर उसकी जमकर पिटाई की। हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने युवक को थाना डिवीजन नंबर 5 की पुलिस के हवाले कर दिया। थाने पहुँचकर युवक ने पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई और बताया कि वे दोनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं और अपनी मर्जी से साथ थे। शिवसेना नेता नरेंद्र थापर की मध्यस्थता इस विवाद की सूचना मिलने पर शिवसेना समाजवादी के पंजाब अध्यक्ष श्री नरेंद्र थापर भी लड़की पक्ष की ओर से मौके पर पहुँचे। उन्होंने जब लड़की से एकांत में बातचीत की, तो सच्चाई सामने आई। लड़की ने स्पष्ट किया कि वे दोनों बालिग हैं और एक-दूसरे के साथ जीवन बिताना चाहते हैं। नरेंद्र थापर ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए दोनों परिवारों को बिठाकर समझाया। उन्होंने कानूनी पेचीदगियों और बच्चों की पसंद का हवाला देते हुए दोनों पक्षों के बीच समझौता करवाया। थाने के बाहर गूंजी शहनाइयां काफी विचार-विमर्श के बाद, दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार हो गए। इसके बाद थाना नंबर 5 के बाहर ही मंदिर/परिसर के समीप दोनों की शादी करवा दी गई। लड़की की मां और मौसी ने भी इस विवाह को स्वीकार कर लिया और नवविवाहित जोड़े को अपना आशीर्वाद दिया। शादी संपन्न होने के बाद दोनों पक्षों ने पुलिस को लिखित बयान दिए कि वे अब इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते और अपनी मर्जी से यह विवाह कर रहे हैं। थाना डिवीजन नंबर 5 के एडिशनल एसएचओ जसवीर सिंह ने बताया कि पुलिस को बस्ती नौ में झगड़े और मारपीट की सूचना मिली थी। जब दोनों पक्ष थाने आए, तो पता चला कि मामला प्रेम प्रसंग का है। एसएचओ ने पुष्टि की कि लड़का और लड़की दोनों बालिग हैं। उन्होंने कहा की दोनों परिवारों ने आपसी रजामंदी से शादी करने का फैसला किया। हमने दोनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामला शांतिपूर्वक सुलझ गया है।" मारपीट की घटना के बावजूद, विवाह के बाद दोनों पक्षों ने गिले-शिकवे भुलाकर सुखद अंत का रास्ता चुना।

   

सम्बंधित खबर