जालंधर में पानी-बिजली संकट पर लोगों का प्रदर्शन:महिलाओं का फूटा गुस्सा; पार्षद के खिलाफ जमकर की नारेबाजी
- Neha Gupta
- Jun 29, 2026
जालंधर के न्यू संत नगर इलाके में पानी और बिजली की समस्या को लेकर स्थानीय निवासियों ने प्रदर्शन किया। यह इलाका वेस्ट हलके की मिट्ठू बस्ती के अंतर्गत आता है। बड़ी संख्या में महिलाओं और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर अपनी नाराजगी व्यक्त की। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने आरोप लगाया कि इलाके में लंबे समय से साफ पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। कई घरों में गंदा पानी आ रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के कारण पानी की कमी से मुश्किलें और बढ़ गई हैं। इलाका निवासी रजनी देवी ने बताया कि गली नंबर-5 के आसपास कई बूथ होने के बावजूद लोगों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने गंदगी की समस्या का भी जिक्र किया, जिसके लिए कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ। रवि भगत बोले- यह वार्ड नंबर-48 का मामला रवि भगत ने जानकारी दी कि यह मामला वार्ड नंबर-48 के बूथ नंबर 66 और 67 से संबंधित है। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाके के लोग आज तक अपने पार्षद को नहीं देख पाए हैं और उनकी शिकायतों पर कोई सुनवाई नहीं हो रही। पानी की मोटर खराब होने या बिजली कटौती जैसी समस्याएं आम हैं। भगत ने बताया कि मंत्री को कई बार इलाके की समस्याओं से अवगत कराया गया है, लेकिन स्थानीय पार्षद द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि मंत्री की तरफ से कोई कमी नहीं है, लेकिन इलाके की जिम्मेदारी पार्षद की बनती है। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पार्षद हरजिंदर सिंह लाडा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द समस्याओं के समाधान की मांग की।

