फगवाड़ा हाईवे पर पराली से भरी 2 ट्रॉलियां पलटी:तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से लगा जाम; क्रेन की मदद से ट्रॉलियों को हटाया
- Neha Gupta
- Jun 25, 2026
जालंधर-फगवाड़ा हाईवे पर सड़क हादसे में पराली से लदी 2 ट्रॉलियां पलट गईं। यह घटना फगवाड़ा कचहरी के सामने बने फ्लाईओवर पर हुई, जिसके कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पराली लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर चालक अपना संतुलन खो बैठा और दोनों ट्रॉलियां सड़क के बीचों-बीच पलट गईं। हादसे के संबंध में जानकारी देते हुए दीपू नामक युवक ने बताया कि वह जालंधर से फिल्लौर पराली लेकर जा रहे थे। फगवाड़ा फ्लाईओवर पर पहुंचते ही एक ट्रक ने उनकी ट्रॉलियों को टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचे क्रेन से हटवाई ट्रालियां घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे में ट्रैक्टर चालक बाल-बाल बच गए। क्रेन की मदद से पलटी हुई ट्रॉलियों को सड़क से हटाया गया और बाधित यातायात को दोबारा सुचारू रूप से बहाल किया गया।

