पंजाब में चावल की फसल पर किटनाशक बैन:11 रसायन शामिल, विदेशों से आ रही थी शिकायतें
- Admin Admin
- Jun 13, 2025

पंजाब सरकार ने बासमती चावल की खेती में 11 कीटनाशकों के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। यह कदम अंतरराष्ट्रीय मानकों को पूरा करने और निर्यात में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए उठाया गया है। फतेहगढ़ साहिब के मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. गुरनाम सिंह ने इस निर्णय की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बासमती चावल में कीटनाशकों की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई जा रही थी। इससे विदेशों में निर्यात प्रभावित हो रहा था और किसानों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ सकता था।प्रतिबंधित कीटनाशकों में एसीफेट, बुप्रोफेजिन, क्लोरपाइरीफोस, कार्बोफ्यूरान और प्रोपिकोनाजोल शामिल हैं। इसके अलावा थौमीथाक्सम, प्रोपोफिनोफोस, एमिडाक्लोप्रिड, कार्बेन्डाजिम, ट्राईसाईक्लाजोले और टेबुकोनाजोल पर भी रोक लगाई गई है। इन सभी कीटनाशकों के मिश्रण और फार्मूलेशन भी प्रतिबंधित होंगे। कृषि विभाग ने किसानों से कहा है कि वे विशेषज्ञों की सलाह के बिना इन रसायनों का प्रयोग न करें। जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक सुरक्षित रसायनों का इस्तेमाल करें। कीटनाशक डीलरों को भी सख्त निर्देश दिए गए हैं। उन्हें बासमती फसल के लिए इन प्रतिबंधित रसायनों की बिक्री नहीं करनी है। साथ ही बिक्री का स्पष्ट रिकॉर्ड रखना होगा। किसानों को इन कीटनाशकों के प्रयोग से रोकने के लिए जागरूक करना भी डीलरों की जिम्मेदारी होगी।