लुधियाना| पंजाब में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य 25 जून से शुरू होने जा रहा है। इस अभियान के तहत बूथ लेवल ऑफिसर घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और गणना पत्र वितरित करेंगे। इस अभियान की तैयारियों का जायजा लेने के लिए चुनाव आयोग के डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर भानु प्रकाश येतुरु लुधियाना पहुंचे। बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) पंजाब, अनिंदिता मित्रा भी मौजूद थीं। इस दौरान लुधियाना, अमृतसर, मोगा, मलेरकोटला, जालंधर, कपूरथला, तरनतारन, पठानकोट, गुरदासपुर के डीसी और होशियारपुर के एडीसी शामिल हुए। बैठक में प्री-एसआईआर के तहत किए गए कार्यों की समीक्षा की गई, जिस पर चुनाव आयोग ने संतोष व्यक्त किया। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए गए हैं कि बीएलओ को समय रहते बेहतर ट्रेनिंग दी जाए ताकि सर्वे कार्य में कोई चूक न हो। क्योंकि 25 जून से बीएलओ घर-घर जाकर इन्यूनरेशन फार्म का वितरण करेंगे। आयोग ने सभी अधिकारियों को इस दौरान पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। गणना पत्रों की छपाई का काम चल रहा है। ताकि हर मतदाता तक फॉर्म पहुंच सकें।

