बाला जी ज्वेलर्स के मालिक को नशीला पदार्थ खिलाकर घर में लाखों की चोरी का मामला सामने आया है। वारदात 15 मई की रात थाना टिब्बा इलाके के गुरमेल पार्क में हुई। आरोपियों ने ज्वेलर्स को बेहोश कर घर से सोना, चांदी, डायमंड ज्वेलरी, नकदी और लाइसेंसी पिस्तौल तक चोरी कर ली। शिकायतकर्ता प्रिंस वर्मा ने पुलिस को बताया कि उनका पूरा परिवार माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए गया था, जबकि उनके पिता अरविंद वर्मा, जो बाला जी ज्वेलर्स के मालिक हैं, घर पर अकेले थे। आरोप है कि वारदात वाली रात किसी ने खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर उन्हें खिला दिया। इसके बाद वह गहरी नींद में चले गए। परिवार के अनुसार अरविंद वर्मा रोज सुबह करीब 5 बजे दूध लेने जाते थे, लेकिन घटना के अगले दिन वह सुबह 10 बजे तक नहीं उठे और पूरा दिन उनकी तबीयत खराब रही। रविवार शाम जब परिवार वापस घर पहुंचा तो उनकी मां ने अलमारी चेक की, जहां से करीब 65 ग्राम सोने-चांदी और डायमंड के गहने गायब मिले। इसके अलावा अलमारी से 2.80 लाख रुपए की नकदी, 30 बोर की पिस्तौल, 18 जिंदा गोलियां और 5-5 ग्राम के सोने के दो बिस्कुट भी चोरी पाए गए। परिवार ने जब घर की सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो उसमें एक संदिग्ध व्यक्ति घर का दरवाजा खोलकर अंदर जाता दिखाई दिया।

