लुधियाना की निटवेयर फैक्ट्री में भीषण आग:धागा,कपड़ा और मशीनें राख, 35 से ज्यादा दमकल गाड़ियां कंट्रोल करने में जुटी
- DSS Admin
- Jun 25, 2026
लुधियाना के कैशाल नगर स्थित श्रियांश निटवेयर फैक्ट्री में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से करोड़ों रुपये का नुकसान होने की आशंका है। कैंसर अस्पताल के नजदीक स्थित इस तीन मंजिला औद्योगिक भवन में रात करीब 11:15 बजे आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। फैक्ट्री से बाहर निकलकर कर्मचारियों ने जान बचाई फैक्ट्री में मौजूद श्रमिकों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई और तुरंत मालिक को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और रात 12 बजे से लगातार आग बुझाने के अभियान में जुटी रहीं। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब तक 35 से अधिक फायर टेंडरों को मौके पर लगाया जा चुका है। प्रारंभिक तौर पर आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन मशीनें, तैयार माल और कच्चा माल जलकर राख हो गया। फैक्ट्री में धागे से कपड़ा तैयार होता जानकारी के अनुसार, श्रियांश निटवेयर फैक्ट्री में धागे से कपड़ा तैयार करने का काम किया जाता है। मंगलवार रात करीब 11:15 बजे फैक्ट्री के ग्राउंड फ्लोर से अचानक आग की लपटें उठनी शुरू हुईं। आग तेजी से फैली और कुछ ही देर में पूरी तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। फैक्ट्री में काम कर रहे श्रमिकों ने हालात की गंभीरता को देखते हुए तुरंत मालिक विनय जैन को फोन पर सूचना दी। इसके बाद मालिक ने दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग इतनी भीषण थी कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एहतियात के तौर पर आसपास की इमारतों में रहने वाले लोगों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दमकल विभाग की 35 से अधिक गाड़ियां घंटों तक आग पर काबू पाने में जुटी रहीं। फैक्ट्री मालिक विनय जैन ने बताया कि आग से भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह आकलन नहीं किया जा सका है कि कितना सामान और कितनी मशीनें जली हैं, लेकिन नुकसान करोड़ों रुपये में होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि रात 12 बजे से दमकल विभाग की टीमें लगातार आग बुझाने में लगी हुई हैं और काफी हद तक आग पर नियंत्रण पा लिया गया है। फिलहाल दमकल विभाग और संबंधित एजेंसियां आग लगने के कारणों की जांच कर रही हैं। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

