लुधियाना| थाना जमालपुर की पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए अभियान के तहत एक शातिर ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में महंगी और खतरनाक आइस बरामद हुई है। आरोपी इलाके में नशा सप्लाई करने की फिराक में घूम रहा था। जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर गुरमीत सिंह ने बताया कि 15 जून को वह पुलिस पार्टी और तफ्तीश किट के साथ जमालपुर चौक (चंडीगढ़ रोड) के पास गश्त पर तैनात थे। इसी दौरान एक खास मुखबिर ने सूचना दी कि धर्मवीर सिंह नाम का व्यक्ति अवैध रूप से आइस ड्रग्स बेचने का धंधा करता है और इस समय वह नशा बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में जा रहा है। पुलिस पार्टी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सरपंच कॉलोनी एरिया में नाकेबंदी की। इसी दौरान पैदल आ रहे आरोपी धर्मवीर सिंह को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से 3 ग्राम आइस ड्रग्स, 1 इलेक्ट्रॉनिक कंडा (नशा तोलने के लिए) और 10 खाली प्लास्टिक के लिफाफे बरामद हुए। पुलिस ने नशा और सामान जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

