टैक्सपेयर्स को नए कानून की दी जानकारी

भास्कर न्यूज |लुधियाना आयकर विभाग की टीडीएस विंग (लुधियाना रेंज) द्वारा प्रारंभ 2026 (पॉलिसी रिफॉर्म एंड रिस्पॉन्सिबल एक्शन फॉर मिशन विकसित भारत) पहल के तहत एक मेगा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। फिरोजपुर रोड स्थित एक मॉल में टीडीएस कार्यालय में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य टैक्सपेयर्स और संबंधित हितधारकों को नए लागू हुए आयकर अधिनियम, 2025 के प्रति जागरूक करना था। चंडीगढ़ से आईं एडिशनल कमिश्नर ऑफ इनकम टैक्स सुरिंदर कौर वड़ैच ने हितधारकों की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नए कानून को अधिक प्रभावी, सुलभ और टैक्सपेयर्स के अनुकूल बनाने के लिए सभी का सहयोग जरूरी है। आम जनता और टैक्स प्रोफेश्नल्स की सक्रियता ही इस कानून को पूरी तरह सफल बनाएगी। वहीं, जॉइंट कमिश्नर ऑफ इनकम टैक्स, रेंज लुधियाना भूपिंदर सिंह ने कहा कि नए एक्ट को बेहद सरल और स्पष्ट भाषा में तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य टैक्सपेयर्स के लिए जटिलताओं को कम करना, पारदर्शिता को बढ़ावा देना और नियमों के पालन को आसान बनाना है। तकनीकी सत्र के दौरान लुधियाना के इनकम टैक्स ऑफिसर जशनजीत सिंह, जालंधर के आईटीओ जोति प्रकाश और अमृतसर के आईटीओ विकास ने आयकर अधिनियम 2025 के विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। अधिकारियों ने मुख्य रूप से टैक्स डिडक्टेड एट सोर्स और टैक्स कलेक्टेड एट सोर्स से जुड़े नए प्रावधानों, नियमों में हुए बदलावों और टैक्सपेयर्स व डिडक्टर्स पर पड़ने वाले व्यावहारिक प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में एक सवाल-जवाब सत्र भी रखा गया, जिसमें टैक्स विशेषज्ञों ने कारोबारियों और वकीलों की शंकाओं का समाधान किया।

   

सम्बंधित खबर