मोगा के धर्मकोट गुरुद्वारे में बेअदबी की कोशिश:युवक शीशा तोड़ा, सुख आसन स्थल तक पहुंचा, पुलिस ने पकड़ा

मोगा के धर्मकोट कस्बे की चुग्गा बस्ती स्थित गुरुद्वारा धर्म की पौड़ी में मंगलवार सुबह बेअदबी करने की कोशिश की गई। एक युवक श्री गुरुद्वारा साहिब के अंदर घुसा और उसने शीशा तोड़ा तथा सुख आसन तक पहुंच गया। गुरुद्वारे के पीछे स्थित एक घर की छत पर मौजूद महिला ने युवक को देख लिया और शोर मचाया। सूचना मिलते ही गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के प्रधान बलविंदर सिंह, समिति सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान युवक के पास से जर्दा-तंबाकू भी बरामद हुआ। सुबह करीब आठ बजे गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी ज्ञानी बलदेव सिंह नितनेम के बाद मुख्य द्वार पर ताला लगाकर अपने घर धर्मकोट लौट गए थे। इसी दौरान एक युवक गुरुद्वारा परिसर में पहुंचा। उसने खिड़की का शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर घुसने के बाद युवक ने पहले गोलक से छेड़छाड़ की और फिर सुख आसन स्थल तक पहुंच गया। युवक ने कैपरी पहन रखी थी और उसके बाल कटे हुए थे। सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी गुरुद्वारा साहिब के अंदर पहुंचा व्यक्ति सीसीटीवी में कैद हो गया। पुलिस ने गुरुद्वारा साहिब से सीसीटीवी फुटेज भी ले ली है। सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट दिख रहा है कि आरोपी ने पहले गोलक को देखा और उसके बाद सुखआसन तक चले गया। पुलिस आरोपी से कर रही पूछताछ आरोपी की वास्तविक मंशा अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। हालांकि, पुलिस प्रारंभिक तौर पर इसे चोरी के प्रयास से जोड़कर देख रही है। गुरुद्वारा समिति की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी निकटवर्ती गांव जलालाबाद पूर्वी का निवासी है। इस घटना के बाद शिरोमणि पंथक अकाली दसमेश तरना दल घुड़सवार के प्रमुख बाबा सतनाम सिंह ने गुरुद्वारा प्रबंधक समिति पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि दो वर्ष पहले गुरुद्वारे की नई इमारत के निर्माण के दौरान एक प्रवासी मजदूर के पास से भी तंबाकू मिला था। समिति को इसकी जानकारी दी गई थी, लेकिन तब कोई कार्रवाई नहीं की गई थी।

   

सम्बंधित खबर