पठानकोट में शुरू हुआ कंप्लेंट सेंटर:एक कॉल पर दर्ज होंगी लोगों की शिकायतें, अब नहीं लगाने पड़ेंगे दफ्तरों के चक्कर
- Neha Gupta
- Jun 18, 2026
पठानकोट इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन सौरभ बहल ने शहरवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए एक कंप्लेंट सेंटर की शुरुआत की है। ट्रस्ट क्षेत्र के निवासी अब 7508739611 नंबर पर कॉल करके अपनी शिकायतें दर्ज करवा सकेंगे। चेयरमैन सौरभ बहल ने बताया कि ट्रस्ट के अधीन आने वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सीवरेज, स्ट्रीट लाइट, सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याओं के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इस नई सुविधा के तहत लोग घर बैठे ही फोन के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। संबंधित विभाग को तुरंत सूचित किया जाएगा उन्होंने कहा कि शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित विभाग को तुरंत सूचित किया जाएगा, ताकि समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित हो सके। ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी शिकायतों का समयबद्ध निपटारा करना है। कंप्लेंट सेंटर से आम जनता को मिलेगी सुविधा सौरभ बहल ने जानकारी दी कि लंबे समय से ट्रस्ट क्षेत्र के लोगों द्वारा ऐसी व्यवस्था की मांग की जा रही थी। कई वर्षों में यह पहली बार है जब इंप्रूवमेंट ट्रस्ट की ओर से एक समर्पित कंप्लेंट सेंटर स्थापित किया गया है, जिससे आम जनता को सुविधा मिलेगी। स्थानीय निवासियों ने भी इस पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि अलग हेल्पलाइन नंबर जारी होने से शिकायतें सीधे संबंधित अधिकारियों तक पहुंचेंगी और उनके समाधान में तेजी आएगी। चेयरमैन सौरभ बहल ने ट्रस्ट क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे किसी भी समस्या की जानकारी दिए गए नंबर पर साझा करें, ताकि प्रशासन उनकी समस्याओं का प्रभावी और शीघ्र समाधान कर सके।

