पठानकोट में कांग्रेस ने भाजपा प्रधान मल्हौत्रा का पुतला फूंका:वाल्मीकि चौक पर भाजपा की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन, ध्यान भटकाने का लगाया आरोप
- Neha Gupta
- Jun 19, 2026
पठानकोट के वाल्मीकि चौक में गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी के प्रधान एवं मेयर पन्ना लाल भाटिया की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ एक विशाल और जोरदार रोष प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों का गुस्सा चंडीगढ़ भाजपा के प्रधान जतिंदर कुमार मल्होत्रा के खिलाफ फूटा। कार्यकर्ताओं ने मल्होत्रा और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उनका पुतला फूंका और अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। इस प्रदर्शन में पूर्व विधायक अमित विज, युवा कांग्रेस नेता आशीष विज और अनुष मनहास जिन्नी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और भारी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। जनविरोधी नीतियों और बयानों पर बरसे कांग्रेसी नेता प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार और चंडीगढ़ भाजपा नेतृत्व को आड़े हाथों लिया। नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता लगातार मर्यादाओं को लांघ रहे हैं और उनके हालिया बयान व नीतियां पूरी तरह से आम जनता के खिलाफ हैं। पठानकोट के पूर्व मेयर व जिला प्रधान पन्ना लाल भाटिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास हमेशा जनता के हक और हुकूक की लड़ाई लड़ने का रहा है। भाजपा सत्ता के नशे में चूर होकर आम जनता की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। चंडीगढ़ भाजपा प्रधान का रवैया और भाजपा की गलत नीतियां बर्दाश्त से बाहर हो चुकी हैं। हम सड़क से लेकर संसद तक जनता के अधिकारों के लिए भाजपा की इन दमनकारी नीतियों का डटकर विरोध करेंगे। आने वाले समय में देश और राज्य की जनता इस गूंगी-बहरी सरकार को करारा जवाब देगी। महंगाई और बेरोजगारी पर घेरा रोष प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक अमित विज ने भी भाजपा सरकार पर तीखे राजनीतिक बाण छोड़े। उन्होंने कहा कि आज देश और पंजाब का हर वर्ग त्रस्त है। अमित विज ने कहा कि आज देश के लोग रिकॉर्ड तोड़ महंगाई, कमरतोड़ बेरोजगारी और बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। लेकिन भाजपा सरकार इन असली और गंभीर मुद्दों का समाधान खोजने के बजाय, जनता का ध्यान भटकाने के लिए विवादित बयानबाजी और हथकंडे अपना रही है। उन्होंने साफ लफ्जों में चेतावनी दी कि कांग्रेस पार्टी मूकदर्शक बनकर तमाशा नहीं देखेगी। वह आम लोगों की मजबूत आवाज बनकर अपना संघर्ष तब तक जारी रखेगी जब तक जनता को राहत नहीं मिल जाती। प्रदर्शन के दौरान पूरा वाल्मीकि चौक 'भाजपा सरकार हाय-हाय' और 'कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद' के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं में चंडीगढ़ भाजपा प्रधान के खिलाफ भारी रोष देखा गया। पुतला फूंकने के दौरान माहौल काफी गर्मा गया था, जिसे देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल भी मुस्तैद नजर आया। हालांकि, वरिष्ठ नेताओं की सूझबूझ के चलते पूरा रोष प्रदर्शन अनुशासित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस मौके पर स्थानीय कांग्रेस पार्षदों, ब्लॉक प्रधानों, महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने एकजुटता दिखाकर यह साफ कर दिया कि आने वाले दिनों में यह सियासी जंग और तेज होने वाली है।

