पठानकोट में अवैध पिस्टल के साथ 2 गिरफ्तार:पुलिस ने 2 दिन के रिमांड पर लिया, चिल्ड्रन पार्क में रेड कर किया काबू
- Neha Gupta
- Jun 26, 2026
पठानकोट पुलिस ने 2 युवकों को पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को उक्त युवकों के बारे सूचना मिली थी कि वे अवैध पिस्टल के साथ पार्क में बैठे हैं। जिसके बाद पुलिस ने मिशन रोड स्थित चिल्ड्रन पार्क में छापेमारी की और दोनों आरोपियों को पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान गुरमीत संधू उर्फ अभी निवासी घरथौली मोहल्ला और मनवाल बाग निवासी अरविंद कुमार उर्फ हनी के तौर पर हुई है। वहीं, पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर 2 दिन का रिमांड हासिल किया है। ताकि, ये पता लगाया जा सके कि ये युवक कहां से पिस्टल लाए थे। पुलिस को मिली थी गुप्त सूचना बता दें, थाना एक की पुलिस पार्टी एएसआई नरेश कुमार के नेतृत्व में गश्त और चेकिंग के संबंध में डाकखाना चौक के पास मौजूद थी। इसी दौरान एक मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि दो संदिग्ध युवक इस समय चिल्ड्रन पार्क में बैठे हैं। मुखबिर ने बताया कि इनमें से एक युवक के पास अवैध पिस्टल है जिसे उसने अपनी कमर में छुपा रखा है, और यदि तुरंत छापेमारी की जाए तो दोनों को काबू किया जा सकता है। पुलिस ने छापेमारी कर दोनों को किया काबू पुलिस पार्टी ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों युवकों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। बताया कि गुरमीत संधू के पास से 9 एमएम P*5 STORM पिस्टल बरामद किया गया। जबकि, दूसरा युवक अरविंद भी उसके साथ ही बैठा था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। 2 दिन के रिमांड में होंगे खुलासे थाना प्रभारी अमनप्रीत कौर ने बताया कि दोनों आरोपियों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया और 2 दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है। उन्होंने बताया कि रिमांड के दौरान ये पूछताछ की जाएगी कि उक्त युवक ये पिस्टल कहां से लेकर आए थे। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

