पठानकोट माधोपुर हेडवर्क्स मॉनसून से पहले तैयार:54 गेट की मरम्मत पूरी, 100 मीटर नदी क्षेत्र पर कंक्रीट कवच; हरियाणा की कंपनी ने किया काम
- Neha Gupta
- Jun 18, 2026
पठानकोट स्थित माधोपुर हेडवर्क्स आगामी मॉनसून सीजन के लिए पूरी तरह तैयार है। पिछले वर्ष बाढ़ में क्षतिग्रस्त हुए चार फ्लड गेटों के स्थान पर नए गेट स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही, हेडवर्क्स के कुल 54 गेटों की मरम्मत पूरी कर ली गई है, जो अब किसी भी संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने में सक्षम हैं। यह मरम्मत कार्य पिछले साल रंजीत सागर डैम से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद हुए नुकसान के मद्देनजर किया गया है। उस दौरान तेज बहाव के कारण चार फ्लड गेट बह गए थे, जिससे हेडवर्क्स को काफी क्षति पहुंची थी। मरम्मत कार्यों पर लगभग 35 करोड़ खर्च इन पुनर्निर्माण और अन्य मरम्मत कार्यों पर लगभग 35 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। यह परियोजना हरियाणा की दयानंद कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा पूरी की गई है। नए फ्लड गेट लगाने के अलावा, हेडवर्क्स परिसर में डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में नदी के लगभग 100 मीटर लंबे और 50 मीटर चौड़े हिस्से को कंक्रीट से मजबूत किया गया है। भविष्य में तेज जल प्रवाह से होने वाले नुकसान को रोकने के लिए सुरक्षा हेतु पत्थरों के क्रेट भी लगाए गए हैं। हेडवर्क्स सुरक्षित और संचालन के लिए तैयार माधोपुर हेडवर्क्स के एसडीओ राजीव कुमार ने बताया कि मॉनसून सीजन शुरू होने से पहले सभी निर्माण और मरम्मत कार्य सफलतापूर्वक पूरे कर लिए गए हैं। उन्होंने पुष्टि की कि हेडवर्क्स अब पूरी तरह सुरक्षित और संचालन के लिए तैयार है। रावी नदी में आ गई थी बाढ़ उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष 25 अगस्त को रंजीत सागर डैम से छोड़े गए भारी पानी के कारण रावी नदी में बाढ़ आ गई थी। इससे माधोपुर हेडवर्क्स सहित आसपास के कई गांवों में व्यापक तबाही हुई थी। उस घटना में चार फ्लड गेट बह गए थे और मरम्मत कार्य के दौरान एक चार्जमैन कर्मचारी भी पानी के तेज बहाव में बह गया था।

