पठानकोट: बुलेट के पटाखों से रोका तो तलवारें लहराईं:परिवार को धमकाने पहुंचे युवक CCTV में कैद, मौके पर पहुंची पुलिस

सुजानपुर में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब बुलेट मोटरसाइकिल पर पटाखे मार रहे कुछ युवकों को रोकने और समझाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि युवकों ने बाद में अपने अन्य साथियों के साथ आकर उन्हें धमकाया और मारपीट करने की कोशिश की। पूरी घटना पास के ही सीसीटीवी में कैद हुई। जिसमें युवक तलवारें पकड़े नजर आ रहे हैं। तेज आवाज में मार रहे थे पटाखे जानकारी देते हुए विवेक गोपाल ने बताया कि वह अपने बच्चे के साथ घर से बाहर टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान कल्यारी मोड़ से गंदला लाहड़ी मोड़ रोड की ओर जा रहे कुछ युवक बुलेट मोटरसाइकिलों पर तेज आवाज में पटाखे मार रहे थे। उन्होंने युवकों को ऐसा न करने की सलाह दी, जिसके बाद वे वहां से चले गए। कुछ समय बाद साथियों के साथ पहुंचे युवक विवेक गोपाल के अनुसार देर रात वही युवक दोबारा गंदला लाहड़ी मोड़ की तरफ से वापस आए और लगातार बुलेट पर पटाखे मारते रहे। उन्होंने बताया कि जब वह स्कूटी पर उनके पीछे गए तो युवक मौके से निकल गए। आरोप है कि कुछ समय बाद बुलेट सवार युवक अपने 5 से 6 साथियों के साथ वापस लौटे और उनके पास तलवारें भी थीं। पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने केवल युवकों को समझाने की कोशिश की थी, लेकिन इसके बावजूद उन्हें डराने-धमकाने और मारपीट करने की नीयत से लोग वहां पहुंचे। पुलिस को पहले भी कर चुके शिकायत विवेक गोपाल ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले भी उन्होंने इसी प्रकार की गतिविधियों को लेकर पुलिस को शिकायत दी थी। उनका आरोप है कि कुछ युवक क्षेत्र में बुलेट पर पटाखे मारकर लोगों को परेशान करते हैं। उन्होंने सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि आम लोग अपने परिवार के साथ सुरक्षित माहौल में रह सकें। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में कुछ समय पहले चेन स्नैचिंग की घटना भी सामने आ चुकी है, जिससे लोगों में पहले से ही भय का माहौल है। घटना के बाद पीड़ित परिवार द्वारा तुरंत 112 हेल्पलाइन पर शिकायत दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस कर रही मामले की जांच वहीं, मौके पर पहुंचे 112 टीम के पुलिस कर्मी ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली थी कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा शिकायतकर्ता को धमकाया गया है। तलवारें लेकर आने संबंधी सवाल पर पुलिस कर्मी ने कहा कि शिकायतकर्ता को मामले की विस्तृत लिखित शिकायत संबंधित थाना प्रभारी को देने के लिए कहा गया है, ताकि आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

   

सम्बंधित खबर