शिव सेना ने गायक R-Nait का पुतला फूंका:सनातन पर टिप्पणी के विरोध में सुजानपुर में प्रदर्शन; कहा-FIR नहीं होने तक करेंगे विरोध
- Neha Gupta
- Jun 27, 2026
पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के मशहूर सिंगर आर नैत अपने एक नए गाने ‘रील’ को लेकर विवादों में घिर गए हैं। इस गाने को लेकर लुधियाना में हिंदू संगठन 'शिवसेना लॉयन' ने कड़ा ऐतराज जताया है। संगठन का आरोप है कि आर नैत ने अपने गाने में हिंदू साधुओं और सनातन धर्म के पवित्र प्रतीकों का बेहद आपत्तिजनक दिखाया है, जिससे करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। शिव सैनिकों ने सिंगर का सुजानपुर में पुतला फूंका और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। अमर्यादित टिप्पणी को हिंदू समाज बर्दाश्त नहीं करेगा शिव सेना लायन के पंजाब अध्यक्ष बिन्नी वर्मा ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाबी गायक आर नैत ने अपने एक हालिया गीत में सनातन धर्म और हिंदू देवी-देवताओं का मजाक उड़ाने का प्रयास किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि सनातन धर्म और देवी-देवताओं के खिलाफ किसी भी अमर्यादित टिप्पणी को हिंदू समाज बर्दाश्त नहीं करेगा। आर नैत पर एफआईआर की मांग बिन्नी वर्मा ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पंजाब का माहौल खराब करने वाले ऐसे गायकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और तुरंत प्राथमिकी दर्ज की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक इस गायक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं होती, तब तक शिव सेना लायन पंजाब के हर शहर और कस्बे में इसी तरह प्रदर्शन जारी रखेगी। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान जिला प्रधान दिनेश कुमार टिंकू, पंजाब चेयरमैन करन पुरी, मंगा, रोमी, सूरज सहित भारी संख्या में स्थानीय पदाधिकारी और शिव सैनिक मौजूद रहे।

