संगरूर में 5994 शिक्षक 11 दिन से धरने पर:धूरी में काली पट्टियां बांधकर पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, बोले- "I Am Teacher, Not A Criminal"
- Neha Gupta
- Jun 19, 2026
संगरूर के धूरी में अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे 5994 बैकलॉग शिक्षकों का पक्का धरना आज 11वें दिन में प्रवेश कर गया है। दिन-ब-दिन तेज होते इस आंदोलन को समर्थन देने के लिए आज पंजाब भर से विभिन्न शिक्षक यूनियनें और भारी संख्या में शिक्षक धूरी पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान अपनी जायज मांगों की अनदेखी से नाराज शिक्षकों ने माथे पर काली पट्टियाँ बांधकर पंजाब सरकार के खिलाफ तीखा रोष व्यक्त किया। हाथों में सरकार विरोधी नारे लिखी तख्तियां लेकर प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों ने धरना स्थल पर पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान शिक्षकों द्वारा लगाए जा रहे "I Am Teacher, Not A Criminal" (मैं शिक्षक हूँ, अपराधी नहीं) के नारे पूरे माहौल में गूंजते रहे। शिक्षक नेताओं ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि राष्ट्र का निर्माण करने वाले अध्यापकों को अपनी जायज मांगों के लिए सड़कों पर बैठकर इस तरह के नारे लगाने पड़ रहे हैं। लंबे समय से मांगों की अनदेखी का आरोप प्रदर्शनकारी शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों ने संबोधित करते हुए कहा कि वे लंबे समय से शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगों को सरकार के समक्ष उठा रहे हैं। सरकार की ओर से बार-बार आश्वासन तो दिए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया है। इस ढुलमुल रवैये के कारण ही अध्यापकों में पंजाब सरकार के प्रति भारी निराशा और गुस्सा पनप रहा है। मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रखने का एलान शिक्षक यूनियनों ने मंच से पंजाब सरकार को स्पष्ट चेतावनी देते हुए अपने आगामी कदम का ऐलान किया। उनका कहना था कि यदि मुख्यमंत्री के गृह जिले (संगरूर) के अंतर्गत आते धूरी में चल रहे इस धरने के बाद भी मांगों का तुरंत निपटारा नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में इस गुप्त और शांत संघर्ष को पूरे पंजाब स्तर पर और उग्र रूप दिया जाएगा। नेताओं ने साफ किया कि जब तक सरकार लिखित रूप में उनकी बैकलॉग भर्ती व अन्य मांगों को पूरा नहीं करती, तब तक धूरी की धरती पर यह पक्का मोर्चा दिन-रात लगातार जारी रहेगा।

