हरियाणा में गर्मी को लेकर सरकार अलर्ट:CM नायब सैनी ने बुलाई मीटिंग; शिक्षा विभाग ने बनाई रिपोर्ट, स्कूलों की छुट्टियों पर हो सकता है फैसला
- DSS Admin
- May 20, 2026
हरियाणा में लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के बीच आज (बुधवार को) एक महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली इस मीटिंग में राज्य के सरकारी और निजी स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश (समर वेकेशन) की तारीखों पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार, मीटिंग का मुख्य उद्देश्य भीषण गर्मी के बीच स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सुनिश्चित करना है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। ऐसे में छोटे बच्चों को स्कूल आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। CM को सौंपी विभाग ने रिपोर्ट शिक्षा विभाग ने मुख्यमंत्री को मौसम की स्थिति, स्कूलों के संचालन और संभावित छुट्टियों को लेकर विस्तृत रिपोर्ट सौंपी है। रिपोर्ट के आधार पर स्कूलों में समय परिवर्तन, छुट्टियों की अग्रिम घोषणा और अन्य वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर चर्चा होगी। समर वेकेशन जल्दी घोषित होने की संभावना सामान्य तौर पर हरियाणा में स्कूलों की ग्रीष्मकालीन छुट्टियां जून के पहले सप्ताह से शुरू होती हैं, लेकिन इस बार तापमान में असामान्य वृद्धि के कारण सरकार छुट्टियां पहले घोषित कर सकती है। संभावना है कि सरकारी और निजी स्कूलों के लिए एक समान आदेश जारी किया जाए। ईंधन बचत से जुड़े फैसले भी संभव बैठक में केवल छुट्टियों पर ही नहीं, बल्कि ऊर्जा और ईंधन बचत से जुड़े उपायों पर भी चर्चा होगी। यदि स्कूलों को समय से पहले बंद किया जाता है तो स्कूल बसों, परिवहन और बिजली की खपत में कमी आएगी। सरकार इसे प्रशासनिक दक्षता और संसाधनों के बेहतर उपयोग से भी जोड़कर देख रही है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों की रहेगी मौजूदगी बैठक में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, मौसम विभाग से प्राप्त इनपुट और जिला स्तर की रिपोर्टों के आधार पर प्रस्तुति देंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री अंतिम निर्णय लेंगे। राज्यभर के लाखों विद्यार्थी, अभिभावक और शिक्षक इस बैठक के फैसले का इंतजार कर रहे हैं। यदि छुट्टियों की घोषणा होती है तो इसका लाभ लगभग सभी सरकारी और निजी स्कूलों के छात्रों को मिलेगा। जल्द जारी हो सकता है आधिकारिक आदेश बैठक के बाद शिक्षा विभाग द्वारा आधिकारिक आदेश जारी किए जाने की संभावना है। आदेश जारी होते ही स्कूलों को निर्देश भेज दिए जाएंगे और नई समय-सारिणी या छुट्टियों की तिथियां लागू हो जाएंगी। फिलहाल पूरे प्रदेश की नजर मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री की इस महत्वपूर्ण बैठक पर टिकी हुई है, जिससे छात्रों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

