राजभाषा हिंदी के प्रति किया जागरूक

जोधपुर, 24 जून (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार तथा कार्यालयीन कार्यों में इसके प्रभावी प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में राजभाषा विभाग द्वारा त्रिआयामी हिंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर हिंदी निबंध प्रतियोगिता, हिंदी टिप्पण एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिता तथा हिंदी वाक् (भाषण) प्रतियोगिता आयोजित की गईं, जिनमें रेल कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रशासनिक एवं साहित्यिक प्रतिभा का परिचय दिया।

यह आयोजन मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के मार्गदर्शन तथा अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव के संरक्षण में संपन्न हुआ। प्रतियोगिताओं के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन में राजभाषा अधिकारी हरिकेश मीणा एवं भंवर सिंह मीणा ने समन्वयक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक उपयोग और उसकी स्वीकार्यता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इन प्रतियोगिताओं में मंडल के विभिन्न विभागों से कुल 45 रेल कार्मिकों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने लेखन कौशल, अभिव्यक्ति क्षमता एवं वक्तृत्व कला का प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए हिंदी भाषा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। प्रतियोगिताओं के माध्यम से कर्मचारियों में राजभाषा हिंदी के प्रति जागरूकता एवं रुचि को और अधिक सुदृढ़ करने का प्रयास किया गया। आयोजन के दौरान प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा सभी प्रतियोगिताएं सौहार्दपूर्ण एवं प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में संपन्न हुईं।

   

सम्बंधित खबर