फाजिल्का में ऑपरेशन कासों, चार गिरफ्तार:पुलिस ने चेकिंग अभियान में बरामद की हेरोइन, नशीली गोलियां और कैप्सूल
- Admin Admin
- Dec 21, 2025
फाजिल्का में पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए ऑपरेशन 'कासो' चलाया गया। इस दौरान न सिर्फ नशा तस्करों के ठिकानों पर पुलिस ने रेड की, बल्कि कई घरों और इलाकों में रेड कर पुलिस ने इलाके को सील कर दिया। इसके तहत फाजिल्का सिटी थाना पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनसे हेरोइन, नशीली गोलियां और कैप्सूल बरामद हुए हैं। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है। सिटी थाना के एसएचओ लेखराज ने बताया कि पुलिस द्वारा युद्ध नशा विरुद्ध अभियान के तहत ऑपरेशन 'कासो' चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो मुकदमे दर्ज किए हैं। इसमें राधा स्वामी कॉलोनी, अन्नी दिल्ली और अन्य जगह पर सर्च ऑपरेशन के दौरान चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें आरोपियों से हेरोइन, नशीली गोलियां और प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए गए हैं। एसएचओ के मुताबिक पकड़ा गया आरोपी गुरप्रीत सिंह जो इंदिरा नगरी फाजिल्का का रहने वाला है, उससे करीब 8 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। हालांकि इसी के दौरान तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें राजन, गुरबचन और भूपेंद्र सिंह शामिल हैं। इनसे पुलिस ने 100 प्रतिबंधित कैप्सूल और 20 नशीली गोलियां बरामद की हैं। पुलिस का कहना है कि इस मामले में आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जा रहा है।



