अति पिछड़ा समाज 22 जून को पटना में करेगा भाजपा शीर्ष नेतृत्व का अभिनंदन: मंत्री डॉ प्रमोद कुमार
- DSS Admin
- Jun 10, 2026

सारण, 10 जून (हि.स.)। सर्किट हाउस में भाजपा जिला अध्यक्ष रणजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में प्रमुख कार्यकर्ताओं की एक बैठक संपन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के खनन एवं भूतत्व तथा कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ प्रमोद कुमार चंद्रवंशी उपस्थित थे।
बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ चंद्रवंशी ने बताया कि आगामी 22 जून को पटना के श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में सुबह 11:00 बजे से अति पिछड़ा समाज की ओर से एक प्रदेश स्तरीय अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया है। भाजपा द्वारा विधान परिषद का उम्मीदवार बनाए जाने पर समाज के लोग शीर्ष नेतृत्व का आभार जताएंगे और विजयी उम्मीदवारों का स्वागत करेंगे। उन्होंने छपरा से भी लोगों को इस समारोह में शामिल होने का आह्वान किया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार सहित कई मंत्री व विधायक मौजूद रहेंगे।
बैठक को छपरा विधायक छोटी कुमारी, पूर्व विधायक डॉ. सी.एन. गुप्ता, जदयू जिला अध्यक्ष बैद्यनाथ प्रसाद सिंह विकल और आरएलएम अध्यक्ष अशोक कुशवाहा सहित कई पूर्व जिला अध्यक्षों ने भी संबोधित किया। बैठक का संचालन सत्रोहन भक्त ने किया। इस मौके पर महामंत्री धर्मेंद्र शाह, डॉ धर्मेंद्र सिंह और प्रवक्ता प्रकाश रंजन नीकू सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
---------------

