कुल्लू में दो जगह चिट्टा बरामद, दम्पती समेत 6 गिरफ्तार

कुल्लू, 21 जून (हि.स.)। जिला कुल्लू पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अपने विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस थाना मनाली और ब्रो की टीमों ने दो अलग-अलग सुनियोजित कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए कुल 21.52 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 15,000 रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद की गई इस हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 4,30,000 रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने दोनों मामलों में दम्पती सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार कर मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज कर लिए हैं।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत दिवस देर शाम पुलिस थाना मनाली की टीम को गुप्त सूचना मिली थी। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने अलेउ स्थित गौतम कॉटेज के समीप एक रिहायशी मकान में दबिश दी।

मकान की तलाशी लेने पर वहां किराये पर रह रहे पंजाब के तस्करों के कब्जे से 19.350 ग्राम चिट्टा और 15,000 रुपये भारतीय करेंसी बरामद हुई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान युसूफ (30), पुत्र हरदेव माशी, निवासी धारीवाल, तहसील अजनाला, जिला अमृतसर (पंजाब),

युसूफ की पत्नी (30), निवासी धारीवाल, अमृतसर (पंजाब),

आशीष (28), पुत्र सुच्चा सिंह, निवासी नागकला, डाकघर मजाटा, जिला अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है।

नशामुक्त अभियान के दूसरे मामले में पुलिस थाना ब्रो की टीम ने 'एंटी चिट्टा ड्राइव, फेज-II' के तहत एक और सटीक कार्रवाई की। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर निरमण्ड तहसील के गाँव चाटी में एक रिहायशी मकान पर छापेमारी की।

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन युवकों के कब्जे से 2.17 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद करने में सफलता हासिल की। पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने कहा कि आरोपियों की पहचान

अंकित ठाकुर (30), पुत्र रमेश चन्द, निवासी गाँव चाटी, तहसील निरमण्ड, जिला कुल्लू,

सन्नी, निवासी वार्ड नं. 2, पाटबंगला, रामपुर, जिला शिमला, संजय, पुत्र वंदे कजूर, निवासी वार्ड नं. 2, पाटबंगला, रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई।

इस मामले में पुलिस थाना ब्रो ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत अभियोग पंजीकृत किया है।

---------------

   

सम्बंधित खबर