खेत में करंट लगने से 30 वर्षीय किसान की मौत

Maut

सुपौल, 02 जुलाई (हि.स.)।

जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुघासन पंचायत के वार्ड संख्या-05 में खेत की सिंचाई के दौरान करंट लगने से एक 30 वर्षीय किसान की मौत हो गई।

मृतक की पहचान हरिवल्लभ यादव के पुत्र सुशील कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।जानकारी के अनुसार, सुशील कुमार अपने खेत में मोटर चलाकर सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान वे विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आ गए। करंट लगते ही वह खेत में बेहोश होकर गिर पड़े। आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सबसे पहले मोटर का बिजली कनेक्शन काटा।

इसके बाद गंभीर अवस्था में उन्हें इलाज के लिए किशनपुर ले जाया गया।हालांकि, देर रात इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी प्रियंका कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि माता-पिता गहरे सदमे में हैं।ग्रामीणों ने बताया कि सुशील कुमार दो भाइयों में सबसे छोटे थे और परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे।

उनके निधन से पत्नी और चार वर्षीय पुत्री पुण्यकृति कुमारी के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

घटना के बाद मुखिया प्रतिनिधि सुरेश प्रसाद यादव, प्रदीप यादव, उमेश यादव, सुधीर यादव एवं संतोष चौधरी सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है।

किशनपुर थानाध्यक्ष ज्ञानरंजन कुमार ने बताया कि विद्युत स्पर्शाघात से युवक की मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

   

सम्बंधित खबर