चंडीगढ़ एयरपोर्ट से उड़ानों की बहाली पर फैसला आज:15 हजार यात्रियों की टिकी नजर, इंडिगो ने 15 मई तक की थी उड़ानें रद्द

भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव कम होने के बाद अब चंडीगढ़ के शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स की बहाली पर आज फैसला लिया जाएगा। एयरपोर्ट अथॉरिटी और संबंधित विभागों की बैठक सोमवार को हो रही है, जिसमें सिविल एयरलाइंस संचालन को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। एयरपोर्ट सीईओ अजय वर्मा ने जानकारी दी कि एयरफोर्स से संचालन हटाकर दोबारा सिविल फ्लाइट्स की अनुमति मिलने की संभावना है। उन्होंने बताया कि बैठक के बाद सभी एयरलाइनों को संचालन की इजाजत मिल सकती है। चंडीगढ़ से उड़ान भरने वाली प्रमुख एयरलाइन इंडिगो ने पहले 15 मई तक अपनी सभी उड़ानें रद्द कर दी थी। एयरफोर्स को सौंपा गया संचालन भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए बुधवार से चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर सिविल उड़ानों पर रोक लगा दी गई थी। सुरक्षा कारणों से यह निर्णय लिया गया और संचालन वायुसेना के हवाले कर दिया गया। हालांकि, शनिवार शाम दोनों देशों के बीच युद्धविराम की स्थिति बनने के बाद अब स्थिति सामान्य होती दिख रही है। सूत्रों के अनुसार, रविवार से ही कुछ तकनीकी उड़ानों की अनुमति दी गई है और अब सोमवार की बैठक के बाद नियमित सिविल उड़ानें भी बहाल की जा सकती हैं। एयरलाइंस कंपनियों ने भी संचालन की तैयारी शुरू कर दी है। 104 उड़ानें, 15 हजार यात्री करते हैं आवाजाही शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सामान्य दिनों में प्रतिदिन लगभग 104 फ्लाइट्स का संचालन होता है, जिनमें से करीब 50 घरेलू और 2 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें हैं। एयरपोर्ट से रोजाना करीब 15 हजार यात्री सफर करते हैं। सिविल संचालन पर रोक के चलते हजारों यात्रियों की योजनाएं प्रभावित हुई थीं। अब सभी की निगाहें सोमवार की बैठक पर टिकी हैं, जिसमें फ्लाइट संचालन को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। यदि अनुमति मिलती है, तो यात्रियों को राहत मिलेगी और एयरपोर्ट पर फिर से चहल-पहल लौट आएगी।

   

सम्बंधित खबर