चंडीगढ़ में गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के 3 शूटर अरेस्ट:कैशियर मर्डर केस में गैंग का सामने आया नाम; क्राइम ब्रांच करेगी खुलासा
- DSS Admin
- Jun 20, 2026
चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार केमिस्ट शॉप के कैशियर जानकी दास हत्याकांड में पहली बार सामने आए गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के नेटवर्क पर क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई की है। क्राइम ब्रांच ने गोल्डी ढिल्लों गैंग से जुड़े 3 शूटरों को गिरफ्तार किया है। इस मामले का खुलासा क्राइम ब्रांच के एसपी मंजीत सिंह कुछ ही देर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान करेंगे। जांच में सामने आया है कि श्री कुमार केमिस्ट शॉप पर हुई वारदात के पीछे शहर में दहशत फैलाकर रंगदारी का नेटवर्क खड़ा करने की साजिश थी। हत्या के बाद कई कारोबारियों को धमकी भरे कॉल और संदेश भी मिले थे, जिसके चलते पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, मामले के तार विदेश में बैठे गैंगस्टरों से जुड़े हैं। जांच में पता चला कि जम्मू में सक्रिय एक गैंग के माध्यम से आरोपियों का संपर्क गैंगस्टर ढिल्लों से हुआ था। इसी नेटवर्क के जरिए मास्टरमाइंड आरोपी अमित कुमार तक वारदात को अंजाम देने के निर्देश पहुंचे थे। पुलिस का दावा है कि अमित कुमार गोल्डी ढिल्लों का करीबी है। घायल दोनों शूटरों को पीजीआई से मिली छुट्टी वहीं, पुलिस मुठभेड़ में घायल दोनों शूटरों को शुक्रवार दोपहर पीजीआई से छुट्टी दे दी गई। दोपहर करीब दो बजे उनकी डिस्चार्ज प्रक्रिया शुरू हुई। सुरक्षा व्यवस्था इतनी कड़ी थी कि पूरे अस्पताल परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। अस्पताल में पुलिस कमांडो तैनात रहे। पुलिस टीम शूटरों को साथ ले गई दोनों शूटरों को ट्रॉमा सेंटर के ग्राउंड फ्लोर स्थित डिजास्टर मैनेजमेंट यूनिट में रखा गया था। पुलिस उन्हें अपने साथ ले जाने से पहले उनका एक्स-रे और अन्य जरूरी मेडिकल जांच करवाई। सभी रिपोर्ट सामान्य आने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया, जिसके बाद पुलिस टीम दोनों को अपने साथ ले गई।

