चंडीगढ़ के वीआईपी इलाके से बुलेट चोरी:मेयर के घर से 50 मीटर दूर वारदात, CCTV में चेहरा साफ; 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली
- DSS Admin
- Jun 23, 2026
शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले वीआईपी क्षेत्रों में भी वाहन चोर बेखौफ नजर आ रहे हैं। ताजा मामला सेक्टर-15 का है, जहां सोमवार देर रात घर के बाहर खड़ी एक बुलेट मोटरसाइकिल चोरी हो गई। हैरानी की बात यह है कि वारदात वाली जगह से चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी का घर महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित है। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में एक आरोपी का चेहरा स्पष्ट दिखाई दे रहा है, लेकिन घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है। पिता ने जन्मदिन पर दी थी बुलेट पीड़ित छात्र हनी अरोड़ा ने बताया कि वह मूल रूप से हरियाणा के टोहाना का रहने वाला है और फरवरी 2026 से सेक्टर-15 में किराये पर रहकर पढ़ाई कर रहा है। उसके पिता ने जन्मदिन पर उसे बुलेट मोटरसाइकिल उपहार में दी थी। हनी के अनुसार पहले वह बाइक घर के अंदर पार्क करता था, लेकिन अप्रैल से मकान मालिक ने अंदर पार्किंग की अनुमति देना बंद कर दिया। इसके बाद उसे रोजाना बाइक बाहर सड़क पर खड़ी करनी पड़ रही थी। रविवार रात भी बाइक बाहर लॉक करके खड़ी की गई थी, जो सोमवार सुबह गायब मिली। दो मिनट में तोड़ा लॉक, लेकर फरार हुए चोर सीसीटीवी फुटेज के अनुसार दो युवक देर रात बाइक के पास पहुंचे। एक युवक ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था और वह बाइक स्टार्ट करने की कोशिश करता रहा। दूसरा युवक बाइक के हैंडल लॉक को झटके देकर तोड़ने का प्रयास करता दिखाई दिया। करीब दो मिनट की मशक्कत के बाद दोनों आरोपी लॉक तोड़ने में सफल हो गए और बाइक स्टार्ट कर मौके से फरार हो गए। फुटेज में एक आरोपी का चेहरा पूरी तरह साफ नजर आ रहा है। पीड़ित ने उठाए पुलिस व्यवस्था पर सवाल हनी अरोड़ा ने कहा कि चंडीगढ़ को स्मार्ट सिटी कहा जाता है और शहर के लगभग हर चौक-चौराहे पर कैमरे लगे हुए हैं। यदि कोई ट्रैफिक नियम तोड़ता है तो कैमरों के आधार पर चालान सीधे घर पहुंच जाता है, लेकिन जब चोर का चेहरा कैमरे में साफ दिखाई दे रहा है तो उसे पकड़ने में देरी क्यों हो रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द बाइक बरामद करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस बोली- जल्द होगी गिरफ्तारी सेक्टर-15 चौकी पुलिस ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि, वारदात के एक दिन बाद भी पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। ऐसे में मेयर आवास के नजदीक हुई इस चोरी ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और रात की गश्त को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

