चंडीगढ़ में अतिक्रमण हटाने पहुंची निगम टीम का विरोध:SDM की गाड़ी पर फेंका पत्थर, निगम ने दी शिकायत, पत्थर फैंकने वाले की तलाश

चंडीगढ़ के धनास स्थित मिल्क कॉलोनी में बुधवार को नगर निगम की टीम अवैध अतिक्रमण हटाने पहुंची। कार्रवाई के दौरान एसडीएम प्रियंका भी मौके पर मौजूद थीं। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पहले से भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। नगर निगम की टीम ने उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की, जिन्होंने सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण कर रखा था। निगम अधिकारियों के अनुसार जिन लोगों ने अतिक्रमण किया हुआ था, उन्हें पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके थे, लेकिन इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद निगम की टीम कार्रवाई करने मौके पर पहुंची थी। अवैध निर्माण हटाने के दौरान हुआ हंगामा नगर निगम की टीम ने इलाके में ज्यादातर अतिक्रमण हटा दिया था। कार्रवाई पूरी होने के बाद टीम वापस लौटने लगी। इसी दौरान वहां एक स्थानीय नेता पहुंचा, जिसने लोगों को इकट्ठा करना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में महिलाएं भी वहां पहुंच गईं और नारेबाजी शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया और लोगों को पीछे हटाया। इसी बीच जब एसडीएम प्रियंका की गाड़ी वहां से निकल रही थी, तब भीड़ में से किसी व्यक्ति ने दूर से पत्थर फेंक दिया, जो गाड़ी पर लगा। घटना के बाद पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई और भीड़ को वहां से दूर कर हालात पर काबू पा लिया। पत्थर मारने वाले की तलाश में जुटी पुलिस घटना के बाद नगर निगम अधिकारियों ने थाना सारंगपुर पुलिस को लिखित शिकायत दी है। शिकायत में कहा गया है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी होने के बाद जब निगम की टीम और प्रशासनिक अधिकारी वहां से लौट रहे थे, उसी दौरान भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने माहौल खराब करने की कोशिश की। इसी दौरान एसडीएम प्रियंका की सरकारी गाड़ी पर दूर से पत्थर फेंका गया। पुलिस ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों के बयान दर्ज करने शुरू कर दिए हैं। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि पत्थर किस व्यक्ति ने फेंका था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना अचानक हुई या फिर इसके पीछे किसी ने लोगों को उकसाया था। पुलिस उन लोगों की भी पहचान कर रही है, जिन्होंने मौके पर भीड़ इकट्ठा की और नारेबाजी शुरू करवाई। घटना के दौरान मौजूद पुलिसकर्मियों और निगम कर्मचारियों से भी जानकारी ली जा रही है।

   

सम्बंधित खबर