चंडीगढ़ में पुरानी रजिंश के चलते युवक की हत्या:दर्जनभर बदमाशों ने दो युवकों को घेरा, दूसरे की हालत गंभीर,विकास नगर में देर रात वारदात

चंडीगढ़ सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार मेडिकल स्टोर में कैशियर की हत्या के मामले के बाद अब मौलीजागरां के विकास नगर में रविवार देर रात एक और खूनी वारदात सामने आई है। यहां हथियारों से लैस बदमाशों ने दो युवकों पर हमला कर दिया। हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। घटना की सूचना मिलते ही मौलीजागरां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत सेक्टर-32 स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने तोता नामक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके दोस्त आकाश का इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। बाजार जाते समय घेरकर किया हमला पुलिस जांच के अनुसार मौलीजागरां के विकास नगर निवासी तोता अपने दोस्त आकाश के साथ बाजार की ओर जा रहा था। इसी दौरान हथियारों से लैस कई युवक वहां पहुंचे और दोनों को घेर लिया। आरोपियों ने पहले दोनों के साथ मारपीट की। जब उन्होंने विरोध किया तो हमलावरों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस पहुंचने से पहले फरार हुए आरोपी प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस के पहुंचने तक सभी हमलावर वहां से निकल चुके थे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां तोता ने दम तोड़ दिया। मृतक के शरीर पर तेजधार हथियारों के कई निशान मिले हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार उसकी छाती पर गंभीर वार किया गया था, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां से खून के नमूने समेत अन्य साक्ष्य एकत्र किए। पूरे घटनास्थल की वीडियोग्राफी भी करवाई गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुरानी रंजिश के चलते हमले की आशंका प्राथमिक जांच में पुलिस को पुरानी रंजिश का एंगल सामने आया है। जांच अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि मृतक और घायल युवक का किसी के साथ पहले से कोई विवाद तो नहीं था। पुलिस उनके परिचितों और परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ कर रही है। मौलीजागरां थाना पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

   

सम्बंधित खबर