
हरिद्वार, 15 जून (हि.स.)। वीकेंड के दिन रविवार को तीर्थनगरी जाम के झाम में हांफती नजर आयी। जाम के कारण राजमार्ग पर वाहन रेंगते नजर आए। यातायात व्यवस्था दुरूस्त बनाने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी, जबकि जाम में फंसे लोग परेशान नजर आए।
उल्लेखनीय है कि इन दिनों चार धाम यात्रा अपने चरम पर है। ऐसे में देश भर से श्रद्धालु यहां दर्शनों के लिए आते हैं। वहीं वीकेंड पर हरिद्वार के आसपास के राज्यों के लोग भी गंगा स्नान के लिए उमड़ पड़ते हैं। वहीं स्कूलों की छुट्टियां होने के कारण लोग हरिद्वार की ओर रूख कर रहे हैं। ऐसे में भारी भीड़ के कारण हरिद्वार में आज भी सड़कों पर जाम की स्थिति देखने को मिली।
जाम का आलम यह था कि सुबह से ही राजमार्ग पर वाहन रेंगते हुए नजर आए। चंद मिनट का सफर तय करने में घंटों का समय लग गया, जिस कारण से जाम में फंसे लोग परेशान नजर आए। वहीं गनीमत रही की आज मौसम का मिजाज सही रहा। सुबह हुई बरसात के कारण मौसम खुशनुमा बना रहा, यदि मौसम साफ रहता तो गर्मी के कारण जाम में फंसे लोगों की दुर्दशा होना तय था। बीते रोज भीषण गर्मी में फंसे लोगों को भारी संकट का सामना करना पड़ा था।
वहीं जाम से निजात दिलाने के लिए पुलिस प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बरसात में भी पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था दुरूस्त करने में लगे रहे। बावजूद इसके सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला