अमृतसर में पैसों के विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग:घर के बाहर चलाईं 10 से 12 गोलियां; इलाके में दहशत, जांच में जुटी पुलिस

अमृतसर के गुरु की वडाली इलाके में सोमवार रात पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब कुछ युवकों द्वारा एक घर के बाहर कथित तौर पर 10 से 12 राउंड फायरिंग कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची मौके पर, जांच शुरू घटना के संबंध में थाना छेहरटा के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुरु की वडाली में झगड़े और फायरिंग की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच की गई। पुलिस अधिकारी के अनुसार, गुरु की वडाली निवासी गुरप्रीत सिंह पुत्र जगतार सिंह ने थाने में पेश होकर शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनके भाई प्रिंस का गांव के कुछ युवकों के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने उनके घर के बाहर आकर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया। एफआईआर दर्ज, आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले में एफआईआर दर्ज की गई है और घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। जांच के दौरान जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। वहीं, इस फायरिंग की घटना के बाद इलाके के लोगों में भय का माहौल है। पुलिस ने लोगों को आश्वासन दिया है कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा।

   

सम्बंधित खबर