पठानकोट में गुलशन हत्याकांड में FIR:बहन और पत्नी के सामने काटे हाथ-पैर, 2024 में हुई थी शादी, डेढ़ साल का बेटा

बीते कल मोहल्ला कच्चा क्वार्टर में बेरहमी से किए गए गुलशन हत्याकांड मामले में थाना 2 पुलिस ने हत्यारों की पहचान कर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मृतक की पत्नी समीक्षा के बयान के आधार पर 8 लोगों पर बाइनेम और 3 से 4 अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान राहुल उर्फ आंडा, इसका भाई कृष, इनका जीजा विक्की, मनी व भूरी निवासी कच्चे क्वार्टर, अशमीत सिंह उर्फ बिल्ला जट्ट निवासी प्रताप नगर कच्चे क्वार्टर, राजन और दीपू थे। मृतक की पत्नी समीक्षा का आरोप है कि राहुल उर्फ आंडा के साथ उसके पति गुलशन कुमार का पहले भी झगड़ा हुआ था। इसमें दोनों गुटों पर क्रॉस पर्चे हुए थे। इसी रंजिश में राहुल उर्फ आंडा ने अपने भाई, जीजा और साथियों के साथ मिलकर उसके पति का कत्ल कर दिया। पीड़ित पारिवार ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग रखी है। वहीं, शुक्रवार दोपहर को गुलशन का अंतिम संस्कार कर दिया गया। दोनों हाथ-पैर काट डाले, सीसीटीवी में दिखा भयावह मंजर बता दें, शुक्रवार को 2 गुटों में झगड़े की पुरानी रंजिश को लेकर कार में आए हमलावरों ने मोटरसाइकिल सवार गुलशन को घेरकर ताबड़तोड़ दातरों से हमला कर बाजू के गुट और पैर काट डाले और टांगों पर गहरे जख्म पहुंचाए। हमले में जख्मी युवक गुलशन कुमार निवासी मोहल्ला कच्चे क्वार्टर की मौत हो गई। गुलशन कुमार को घेरकर मारपीट करने की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। जिसमें आरोपी उसे बुरी तरह काटते नजर आ रहे हैं। 2 साल पहले हुई थी शादी, डेढ़ साल का बेटा मृतक की पत्नी समीक्षा ने बताया कि उसकी शादी गुलशन कुमार के साथ 2024 में हुई थी। उनका डेढ़ साल का एक बेटा है। बीती रात को वह, उसका पति गुलशन कुमार और ननद प्रवीण अपने घर में मौजूद थे। रात को खाना खाने के बाद उसका पति अपने मोटरसाइकिल पर घर से बाजार जाने के लिए निकला था। वह और उसकी ननद प्रवीण भी घर से बाहर रात को सैर करने के लिए चल पड़ीं। जब उसका पति घर के पास ही मोहल्ले के मोड़ पर पहुंचा तो रात करीब 12 बजकर 10 मिनट पर वहां पहले से ही 2 कारें खड़ी थीं। जिनमें कुछ युवक बाहर निकले, जिन्होंने उसके पति को जबरदस्ती रोक लिया। इतने में वह और उसकी ननद भी और पास चली गईं। ताबड़तोड़ दातर से किए वार मृतक की पत्नी समीक्षा ने बताया कि उसके और ननद प्रवीण के सामने ही राहुल उर्फ आंडा ने दातर का वार उसके पति पर किया, जो पति की बाजू पर लगा। दूसरा वार अशमीत ने उसके पति की दूसरी बाजू पर किया। फिर रिशु और मनी ने दातर से वार किए, जो उसके पति की दोनों टांगों पर लगे। उसका टांगों पर चोटें लगने के बाद वह नीचे गिर गया। हमले में उसके पति की दोनों बाजू से गुट कट गए। दीपू और राजन के साथ 3/4 अज्ञात लड़के भी थे, जो सारी घटना की निगरानी रख रहे थे। उसने और उसकी ननद ने शोर मचाया तो उक्त हमलावर जान से मार देने की धमकियां देते हुए मौके से अपनी कारों में फरार हो गए। उनके आसपास के लोग इकट्ठे हो गए, जिनकी मदद से घायल पति को प्राइवेट अस्पताल में पहुंचाया गया। घायल को अमृतसर किया था रेफर, रास्ते में एंबुलेंस में दम तोड़ा प्राइवेट अस्पताल में डॉक्टर ने उसके पति की हालत को देखकर अमृतसर रेफर कर दिया। रास्ते में ही उसके पति की हालत ज्यादा गंभीर होने पर एंबुलेंस में उसके पति ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंची। थाना डिवीजन नं. 2 में हत्या करने के आरोप में 8 लोगों और 3-4 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हमलावर फरार बताए जा रहे थे। जांच अधिकारी हरप्रीत सिंह का कहना है कि मृतक युवक की पत्नी के बयान पर मामला दर्ज कर सिविल अस्पताल से डॉक्टरों के बोर्ड से लाश का पोस्टमार्टम करवा दिया है। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।

   

सम्बंधित खबर