पठानकोट पुलिस की नहर में नहाने वालों पर सख्ती:देखते ही मौके से भागे नहा रहे युवक; प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
- Neha Gupta
- Jun 09, 2026
पठानकोट जिले में पुलिस ने भीषण गर्मी के बीच नहरों में नहा रहे लोगों के खिलाफ अभियान चलाया है। अबरोल नगर के काठ वाला पुल और एम बी-लिंक नहर क्षेत्र में पुलिस ने दबिश दी। जहां कई युवक नहर में नहाते हुए पाए गए। ट्रैफिक इंचार्ज ब्रह्म दत्त ने बताया कि पुलिस को नहर में युवकों के नहाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही नहर में नहा रहे युवक तुरंत वहां से भाग गए। इंचार्ज दत्त ने बताया कि गर्मी से राहत पाने के लिए लोग नहरों का रुख कर रहे हैं, लेकिन यह खतरनाक साबित हो सकता है। नहर में पानी का बहाव कभी भी अचानक तेज हो जाता है, जिससे डूबने या बह जाने का खतरा बना रहता है। उन्होंने यह भी बताया कि इस नहर में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें लोग तेज बहाव के कारण पानी में बह गए थे। ट्रैफिक इंचार्ज ने लोगों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे अपनी जान जोखिम में डालकर नहरों में न नहाएं और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नहरों में नहाने वालों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त और कार्रवाई जारी रहेगी।

