राजगढ़ःशादी के 6 माह बाद नवविवाहिता ने लगाई फांसी, कमरे में दुपट्टे से लटकी मिली
- DSS Admin
- Jun 09, 2026
राजगढ़, 09 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के मलावर थाना क्षेत्र के ग्राम आंख्याखोह में मंगलवार अलसुबह एक 20 वर्षीय नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, आंख्याखोह निवासी करीना (20) पत्नी महेंद्र भील का शव घर के कमरे में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल ब्यावरा भेजा। परिजनों ने बताया कि करीना की शादी करीब छह माह पहले तलेन थाना क्षेत्र के रामड़ी गांव से महेंद्र भील के साथ हुई थी। सोमवार रात वह परिवार के लोगों के साथ सामान्य रूप से हंसी-मजाक और बातचीत करने के बाद सोने गई थी। वहीं उसका पति तथा सास-ससुर घर के आंगन में सो रहे थे। मंगलवार सुबह जब परिवार के सदस्य जागे तो करीना कमरे में फंदे पर लटकी मिली। घटना के पीछे के कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस का कहना है कि नवविवाहिता ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है।
---------------

