राघोपुर थाना को जल्द मिलेगा नया आधुनिक भवन, 15 जून तक पूरा होने का लक्ष्य
- DSS Admin
- May 20, 2026
सुपौल, 20 मई (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना का नया और आधुनिक थाना भवन अब लगभग तैयार हो चुका है। करीब 5 करोड़ 71 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस तीन मंजिला भवन का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है। विभाग ने इसे आगामी 15 जून तक पूरी तरह तैयार कर संचालन शुरू करने का लक्ष्य रखा है।
लंबे समय से राघोपुर थाना पुराने और जर्जर भवन में संचालित हो रहा है। बारिश के मौसम में परिसर में जलजमाव होने से पुलिसकर्मियों और फरियादियों दोनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। जगह की कमी और खराब व्यवस्था के कारण थाने का कामकाज भी प्रभावित होता रहा।नया भवन बनने के बाद पुलिस विभाग को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा, जिससे प्रशासनिक कामकाज अधिक व्यवस्थित ढंग से हो सकेगा।थाना परिसर में आवासीय सुविधा नहीं होने के कारण कई दारोगा, जमादार और सिपाही सिमराही बाजार में किराये के कमरों और होटलों में रहने को मजबूर थे।
आपात स्थिति में सभी पुलिसकर्मियों को एक साथ जुटाने में भी कठिनाई होती थी।नए भवन में बैरक और आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे पुलिस बल को काफी राहत मिलेगी और ड्यूटी संचालन भी आसान होगा। निर्माण कार्य कर रही रियल इंडिया कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड प्रोपराइटर चंदन सिंह ने बताया कि भवन का मुख्य निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। फिलहाल पेंटिंग, पुट्टी, टाइल्स फिटिंग, बिजली वायरिंग और अन्य फिनिशिंग का काम तेजी से किया जा रहा है।
निर्माण एजेंसी का लक्ष्य तय समय सीमा के भीतर भवन को विभाग को सौंपना है।स्थानीय लोगों और व्यवसायियों का मानना है कि नए हाईटेक थाना भवन के शुरू होने से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और गश्ती व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।इस संबंध में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने कहा कि वर्तमान भवन में बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी थी, जिससे पुलिस बल को कई तरह की व्यावहारिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। नया भवन शुरू होने के बाद पुलिसकर्मी बेहतर माहौल में काम कर सकेंगे और आम लोगों को भी बेहतर पुलिस सेवा मिल सकेगी।

