फिरोजपुर में संघ कार्यकर्ता की हत्या के लिए कौन जिम्मेदार, सीएम दें जवाब : रवनीत बिट्टू

पंजाब में गैंगस्टर चला रहे हैं समानांतर सरकार : सुनील जाखड़

पंजाब सरकार कानून-व्यवस्था संभालने में असफल : शर्मा

चंडीगढ़, 16 नवंबर । फिरोजपुर में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ कार्यकर्ता की हत्या के बाद भारतीय जनता पार्टी ने एकजुटता के साथ पंजाब सरकार को घेर लिया है। केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने घटना पर कहा कि पंजाब में अपराध को नियंत्रित करने में विफल होने पर अगर पुलिस अधिकारियों को निलंबित किया जा रहा है, तो फिर फिरोजपुर में हुई हत्या के लिए कौन जिम्मेदार है। इसके लिए सीएम भगवंत मान भी जवाबदेह है। उन्हें भी इस्तीफा देना चाहिए।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा है कि फिरोजपुर में आरएसएस के नेता बलदेव राज अरोड़ा के युवा पुत्र नवीन अरोड़ा की गोलियां मारकर की गई हत्या ने आप सरकार के राज में कानून व्यवस्था की पोल एक बार फिर खोल दी है। राज्य में गैंगस्टर समानांतर सरकार चला रहे हैं जबकि मुख्यमंत्री भगवंत मान अपनी जिम्मेदारी निभाने में असफल रहे हैं और उन्होंने पंजाब को लावारिस छोड़ दिया है।

भाजपा प्रधान ने आरएसएस नेता के पुत्र की मौत पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि पंजाब के लोग दहशत के माहौल में जीने के लिए मजबूर हैं जबकि आम आदमी पार्टी की सरकार लोगों को अमन-कानून और सुरक्षा देने में पूरी तरह नाकाम रही है। सुनील जाखड़ ने कहा कि नित दिन लोगों को धमकी और फिरौती के लिए फोन कॉल आ रही हैं और राज्य के किसी न किसी हिस्से में हर रोज कोई न कोई गंभीर वारदात हो रही है। बुरे तत्वों में सरकार का कोई डर नहीं रहा क्योंकि असल में सरकार चलाने वालों को राज्य प्रबंध की समझ ही नहीं है।

भारतीय जनता पार्टी पंजाब के कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने फिरोज़पुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्वयंसेवक नवीन अरोड़ा की बेरहमी से हत्या की कड़ी निंदा की है। शर्मा ने कहा कि यह कोई पहली या अकेली घटना नहीं है। उन्होंने कहा कि व्यापारी, खिलाड़ी, युवा या आम लोगों की लगातार हो रही हत्या और अपराध की घटनाएँ पंजाब सरकार की नाकाम कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। शर्मा ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार कानून-व्यवस्था संभालने में पूरी तरह असफल साबित हुई है और भाजपा निर्दोष लोगों की सुरक्षा के मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी।

उन्होंने कहा कि यह घटना साफ़ दिखाती है कि मौजूदा सरकार के शासनकाल में अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हो चुके हैं। उन्होंने गहरी चिंता जताते हुए कहा कि पंजाब में लोग अब कहीं भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बजाय, पंजाब पुलिस को दिल्ली से आए अरविंद केजरीवाल और उनकी टीम की सेवा में लगा दिया गया है, जो जनहित के खिलाफ है। शर्मा ने कहा कि भाजपा इस बढ़ती अपराध लहर के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगी और राज्य में शांति व सुरक्षा बहाल करने के लिए कड़े कदम उठाने की मांग करती रहेगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर