डीएसपी नताशा को स्थानांतरण पर पुलिस अधिकारियों ने दी विदाई
- DSS Admin
- May 18, 2026
हरिद्वार, 18 मई (हि.स.)। जनपद हरिद्वार में तैनात डीएसपी नताशा सिंह के सीआईडी देहरादून स्थानांतरण होने पर पुलिस कार्यालय रोशनाबाद में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह सहित पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह ने डीएसपी नताशा सिंह को स्मृति चिह्न भेंट कर उनके उत्कृष्ट कार्यकाल, अनुशासित कार्यशैली तथा जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि नताशा सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान टीम भावना, संवेदनशील पुलिसिंग और प्रभावी नेतृत्व का परिचय देते हुए विभागीय जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया।
एसएसपी ने कहा कि उनके कार्यों और योगदान को सदैव याद रखा जाएगा तथा नई जिम्मेदारी में भी वह अपनी कार्यकुशलता से विभाग का नाम रोशन करेंगी। विदाई समारोह में पुलिस अधीक्षक अपराध, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण समेत जनपद के अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। सभी ने डीएसपी नताशा सिंह को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

