विधान सभा अध्यक्ष ने स्वतंत्रता दिवस और जन्माष्टमी की दी शुभकामनाएं
- Admin Admin
- Aug 14, 2025
लखनऊ, 14 अगस्त(हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने स्वतंत्रता दिवस एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
उन्होंने गुरुवार काे जारी एक बयान में कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे महान स्वतंत्रता सेनानियों के अदम्य साहस, त्याग, बलिदान और राष्ट्रप्रेम का स्मरण कराने वाला दिन है। यह अवसर हमें यह संकल्प दिलाता है कि हम उनके सपनों के भारत के निर्माण में अपना पूर्ण योगदान दें।
महाना ने कहा कि आजादी केवल एक ऐतिहासिक उपलब्धि ही नहीं, बल्कि हमारे लिए निरंतर प्रेरणा का स्रोत है। हमें एकजुट होकर राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और विकास की दिशा में आगे बढ़ना होगा।
उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे संविधान के प्रति अपनी अटूट निष्ठा और कर्तव्यों के प्रति सजग रहते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आपसी सहयोग और समर्पण से उत्तर प्रदेश और देश को प्रगति की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया जा सकता है।
विधान सभा अध्यक्ष महाना ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन कर्म, धर्म, प्रेम, नीति और सदाचार का अद्वितीय संगम है। उनका संदेश “निष्काम कर्म” हमें यह प्रेरणा देता है कि हम अपने कर्तव्यों का पालन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करें।
उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी का यह पर्व प्रेम, करुणा, न्याय और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। यह अवसर हमें सामाजिक सौहार्द और एकता के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की शक्ति प्रदान करता है।
अध्यक्ष ने विश्वास व्यक्त किया कि भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से प्रदेश में शांति, समृद्धि और सद्भाव का वातावरण और मजबूत होगा तथा हम सभी मिलकर विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला



