बलिया में कार्तिक पूर्णिमा पर होगा विष्णु के दशावतार का मंचन

--गंगा घाट पर दिखेगा संस्कृति और श्रद्धा का संगम

बलिया, 03 नवम्बर (हि.स.)। पांच नवम्बर को कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व पर ऐतिहासिक गंगा घाट पर विशेष आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं। इस बार आयोजन में धार्मिक, सांस्कृतिक और मनोरंजन के रंगों से सजा मेगा शो दर्शकों को अद्भुत अनुभव देगा।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रणव सिंह कान्हा की विशेष प्रस्तुति से होगी, जो थीम गीत बागी बलिया हमको कहते हैं, हम सबके दिलों में रहते हैं, प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद हाईटेक लाइट एंड साउंड विष्णु दशावतार शो का मंचन होगा। जिसमें मत्स्य, कूर्म, वराह, नरसिंह, वामन, परशुराम, राम, कृष्ण, बुद्ध और कल्कि अवतारों की मनोहारी प्रस्तुति राजस्थान और दिल्ली के 65 कलाकार देंगे।

तीन घंटे की इस प्रस्तुति में 10 मिनट का मध्यान्तर रखा गया है। साथ ही दूसरे दिन हाईटेक लाइट एंड साउंड शिव विवाह शो का आयोजन किया जाएगा। जिसमें शिव-सती विवाह, कामदेव प्रसंग, शिव तांडव और पार्वती विवाह प्रसंग को आकर्षक नृत्यनाटिका के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। यह कार्यक्रम भी तीन घंटे का होगा। दर्शनार्थियों के लिए एक विशेष सुविधा के रूप में इस बार गंगा आरती का दर्शन नाव से करने की व्यवस्था की गई है।

इसी के साथ ददरी मेला में ‘जल परी’ का लाइव शो इस बार आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगा। जल परी की थीम पर आधारित यह प्रस्तुति बच्चों और परिवारों के लिए खास आकर्षण होगी। धार्मिक आस्था, संस्कृति और आधुनिक तकनीक का संगम इस बार बलिया की कार्तिक पूर्णिमा और ददरी मेले को एक नई पहचान देने जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

   

सम्बंधित खबर