तपस्या ने हिमाचल विश्वविद्यालय की बीए मेरिट सूची में पाया छठा स्थान
- Admin Admin
- Jun 14, 2025

नाहन, 14 जून (हि.स.)। डॉ. वाई.एस. परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन की छात्रा तपस्या ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की बी.ए. तृतीय वर्ष की मेरिट सूची में छठा स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय, परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। तपस्या कृषक सोम प्रकाश की पुत्री हैं।
तपस्या ने 10वीं कक्षा में 96%, 12वीं में 95%, और स्नातक में 86% अंक प्राप्त कर अपनी निरंतर उत्कृष्टता और शैक्षणिक प्रतिभा का प्रमाण दिया है। उनकी यह उपलब्धि छात्राओं के लिए विशेष रूप से एक प्रेरणा है।
तपस्या का लक्ष्य भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयनित होकर देश सेवा करना है। उन्होंने कहा कि यह सफलता उनके माता-पिता, गुरुजनों और कॉलेज के सहयोग के बिना संभव नहीं थी।
तपस्या की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय प्रबंधन, शिक्षक वर्ग, सहपाठियों और स्थानीय जनमानस ने प्रसन्नता व्यक्त की है।
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर