राजगढ़, 19 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में पदस्थ एएसआई के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है। उनकी पत्नी के खाते से लगभग 3 लाख रुपये और उनके स्वयं के खाते से 10 हजार रुपये ऑनलाइन ठग लिए गए। यह राशि उन्होंने अपने घुटनों के ऑपरेशन के लिए जमा कर रखी थी। मामले में शिकायत साइबर सेल राजगढ़ में की गई है।
जानकारी के अनुसार एएसआई गोपालसिंह खींची कोर्ट में तैनात हैं और दोनों घुटनों के ऑपरेशन हेतु लगभग 4 लाख रुपये अपने और पत्नी के खातों में सुरक्षित रखे थे। गत 10 मई को उनके बेटे ने घर के कार्य हेतु 3 हजार रुपये मांगे। जब उन्होंने खाते चेक किए तो बैलेंस कम पाया। स्टेटमेंट निकलवाने पर स्पष्ट हुआ कि पत्नी के खाते से 95-95 हजार रुपये की तीन ट्रांजेक्शन अज्ञात खातों में भेजी गई है। उनके स्वयं के खाते से 10 हजार रुपये से ऑनलाइन शॉपिंग की गई है। एएसआई खींची ने शिकायत दर्ज कराने हेतु उसी देहात थाने का रुख किया, जहां वे वर्षों तक पदस्थ रहे हैं। परंतु, यहां उनकी रिपोर्ट दर्ज करने में उदासीनता दिखाई गई। उन्होंने कहा कि यदि पुलिसकर्मी की ही सुनवाई नहीं हो रही, तो आम लोगों की स्थिति समझी जा सकती है। मामले की शिकायत सायबर सेल राजगढ़ में की गई है, जहां मामला पंजीबद्ध कर लिया गया। बैंक स्टेटमेंट के अनुसार ठगी की गई राशि उत्तराखंड, दिल्ली और हरियाणा के खातों में भेजी गई है। फिलहाल साइबर सेल पूरे मामले की जांच कर रही है।
---------------

