दक्षिण दिनाजपुर, 19 मई (हि. स.)। हिली में एक नाबालिग से दुष्कर्म के गंभीर आरोप में तृणमूल कांग्रेस के नेता विद्युत विश्वास को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार रात हिली थाने की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को पकड़ा। मंगलवार आरोपित को बालुरघाट अदालत में पेश कर सात दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद दर्ज एक “मतदान के बाद हिंसा” मामले को वापस लेने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। आरोप है कि दो मई की रात आरोपित अपने साथियों के साथ घर में घुसा और धमकी देते हुए नाबालिग के साथ यौन उत्पीड़न किया।
परिवार ने हाल ही में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार किया।
इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। भाजपा नेताओं ने इसे 2021 की हिंसा से जोड़ते हुए कड़ी सजा की मांग की है। वहीं तृणमूल कांग्रेस ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर इसे साजिश बताया है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

