चुनाव बाद हिंसा मामले में तृणमूल नेता शाहानुर मंडल गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jun 17, 2026
उत्तर 24 परगना, 17 जून (हि. स.)। जिले में बुधवार को बड़ी राजनीतिक कार्रवाई देखने को मिली। उत्तर 24 परगना जिला परिषद के खाद्य कर्माध्यक्ष और बसिरहाट दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के तृणमूल कांग्रेस नेता शाहानुर मंडल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की खबर फैलते ही इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस गिरफ्तारी का स्वागत करते हुए कई जगहों पर मिठाई बांटी और लड्डू वितरण किया।
राज्य पुलिस के 'स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप' (एसओजी) ने उन्हें शंखचूड़ा बाजार इलाके से पकड़ा और बाद में उन्हें महकमा अदालत में पेश किया गया। शाहानुर मंडल पर 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा, अवैध जमीन कब्जा करने और आगामी चुनाव से पहले विरोधियों को धमकाने व प्रचार में बाधा डालने जैसे आरोप लगे हैं। इन्हीं आरोपों के आधार पर कार्रवाई की गई है।
इसी दिन उत्तर बंगाल विकास विभाग के पूर्व मंत्री उदयन गुहा की भी गिरफ्तारी हुई। उन पर भी चुनाव बाद हिंसा से जुड़े मामलों में आरोप हैं। हालांकि उन्होंने दावा किया है कि जिस मामले में उन्हें पकड़ा गया है, उसमें उन्हें पहले से अग्रिम जमानत मिली हुई थी और पुलिस ने उन्हें गलत तरीके से गिरफ्तार किया है।
दोनों गिरफ्तारियों के बाद राज्य की राजनीति में तनाव और बयानबाजी तेज हो गई है।
---------------

