घाट के पास खड़ी कार में तेज रफ्तार डंपर ने मारी टक्कर, दो पीआरडी जवान घायल

हरिद्वार, 10 जून (हि.स.)। धर्मनगरी हरिद्वार में बुधवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सर्वानंद घाट के समीप हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे खड़ी एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में ड्यूटी पर तैनात दो पीआरडी जवान घायल हो गए, कार में सवार यात्री गंगा स्नान के लिए घाट पर गए हुए थे, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली नंबर की एक कार सर्वानंद घाट के पास हाईवे किनारे खड़ी थी। कार में सवार यात्री गंगा स्नान के लिए घाट पर चले गए थे। इसी दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी पर तैनात पीआरडी जवान अनिल कुमार और सचिन कुमार मौके पर पहुंचे और वाहन स्वामियों की तलाश कर रहे थे, ताकि सड़क किनारे खड़ी कार को हटवाया जा सके। इसी बीच पीछे से तेज गति से आ रहे एक डंपर ने सीधे खड़ी कार में टक्कर मार दी, जिससे कार बुरी तरह पिचक गई। साथ ही मौके पर मौजूद दोनों पीआरडी जवान भी डंपर की चपेट में आकर घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही खड़खड़ी चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्राथमिकता के आधार पर घायल जवानों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। बाद में क्षतिग्रस्त कार और डंपर को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया गया।

नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा फरार डंपर चालक की तलाश जारी है।

---------------

   

सम्बंधित खबर