कांवड़ मेला-2026 की तैयारियां तेज, एसपी यातायात ने किया हाईवे और एक्सप्रेसवे मार्गों का स्थलीय निरीक्षण

हरिद्वार, 19 जून (हि.स.)। आगामी कांवड़ मेला-2026 के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए हरिद्वार पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक यातायात निशा यादव ने राष्ट्रीय राजमार्ग-334, विभिन्न अंडरपास, फ्लाईओवरों तथा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से हरिद्वार आने वाले मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान सीओ यातायात बिपेन्द्र सिंह एवं यातायात निरीक्षक हितेश कुमार भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और संबंधित निर्माण एजेंसियों के अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक यातायात ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ मेले से पूर्व सभी आवश्यक निर्माण और सुधार कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

हरि लोक तिराहा स्थित निर्माणाधीन फ्लाईओवर की एप्रोच वॉल के समीप मिट्टी की लेवलिंग कर पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित और सुगम मार्ग तैयार करने के निर्देश दिए गए। वहीं मोहनपुरी वाला और बहादराबाद बाईपास स्थित निर्माणाधीन फ्लाईओवरों के दोनों ओर सर्विस रोड की चौड़ाई बढ़ाने को कहा गया, जिससे यातायात संचालन अधिक सुचारु हो सके।

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से हरिद्वार पहुंच मार्ग पर निर्माणाधीन फ्लाईओवरों और टोल प्लाजा क्षेत्र में चल रहे कार्यों को कांवड़ मेले से पूर्व आगामी एक माह के भीतर पूरा करने के निर्देश भी संबंधित एजेंसियों को दिए गए। इसके अतिरिक्त पतंजलि से बढ़ेडी राजपूताना तक निर्माणाधीन फ्लाईओवरों के दोनों ओर सर्विस रोड को गड्ढामुक्त करने और उनकी चौड़ाई बढ़ाने का कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा गया। बढ़ेडी राजपूताना से सालियर जंक्शन तक नव-निर्मित हाईवे पर शेष कार्यों को भी मेले से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए।

कांवड़ मेले के दौरान संभावित यातायात दबाव को देखते हुए पुलिस अधीक्षक यातायात ने नव-निर्मित हाईवे को हल्के वाहनों के लिए वैकल्पिक एवं आपातकालीन मार्ग के रूप में उपयोग करने की संभावनाओं पर भी विचार करने के निर्देश दिए। इससे आवश्यकता पड़ने पर मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव कम किया जा सकेगा

पुलिस अधीक्षक यातायात निशा यादव ने संबंधित सभी विभागों और निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि निर्धारित कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए आगामी 15 दिनों के भीतर पूरे मार्ग का पुनः निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का मूल्यांकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

पुलिस और संबंधित विभाग कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं। प्रशासन का उद्देश्य मेले के दौरान यातायात संचालन को प्रभावी बनाते हुए श्रद्धालुओं की यात्रा को सुविधाजनक और सुरक्षित बनाना है।

   

सम्बंधित खबर