हाथरस, 02 जुलाई (हि.स.)। भीषण गर्मी के बीच प्राथमिक विद्यालयों में हो रही अघोषित बिजली कटौती से छात्र और शिक्षक परेशान हैं। इस संबंध में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने एसडीएम मनीष चौधरी को ज्ञापन सौंपा। संघ ने विद्यालय समय में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अरुण कुमार शर्मा द्वारा दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालय 25 जून से संचालित हो रहे हैं। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार, भीषण गर्मी के कारण विद्यालयों का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसके बावजूद, विद्यालय संचालन के दौरान लगातार बिजली कटौती हो रही है, जिससे छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शिक्षक संघ ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकांश विद्यालयों में गरीब परिवारों के बच्चे पढ़ते हैं। बिजली न होने के कारण पंखे और अन्य उपकरण बंद रहते हैं। उमस भरी गर्मी में बच्चों को परेशानी हो रही है और कई बच्चों का स्वास्थ्य भी प्रभावित हो रहा है। इससे उनकी पढ़ाई और विद्यालय में उपस्थिति पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
ज्ञापन में विद्युत विभाग की लापरवाही को अघोषित बिजली कटौती का कारण बताया गया है, जो बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों के लिए हानिकारक है। शिक्षक संघ ने सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक विद्यालय समय के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
संघ के पदाधिकारियों ने एसडीएम से विद्युत विभाग को आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया, ताकि विद्यालयों में नियमित बिजली आपूर्ति हो सके। इससे बच्चों को गर्मी से राहत मिलेगी और शैक्षणिक गतिविधियां सुचारु रूप से चल सकेंगी। उपजिलाधिकारी ने ज्ञापन स्वीकार कर मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

